एसटीएच में उपचार होगा महंगा, मरीजों पर महंगाई की मार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत चिचार: राज्य सरकार ने सरकारी अस्पतालों में एक समान यूजर चार्ज करने का निर्देश दिया है। जल्द ही यह नियम लागू हो जाएगा। इसकी मार मरीजों पर पड़ेगी। राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीन डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में अन्य सरकारी अस्तपालों की अपेक्षा काफी सस्ता उपचार होता है। साथ ही यह कुमाऊं का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां सबसे ज्यादा मरीज आते हैं। स्वास्थ्य सेवाओं में जो शुल्क बढ़ने वाले हैं, उसकी मार यहां उपचार कराने वाले मरीजों पर पड़ेगी।


एसटीएच में ओपीडी में पर्चा में केवल पांच रुपये में बनता है। अब यह 20 रुपये का हो जाएगा। यही आईपीडी का पर्चा पांच रुपये की जगह अब 50 रुपये होने की संभावना है। जनरल वार्ड में शुल्क 25 रुपये ही रहेंगे लेकिन प्राइवेट वार्ड डीलक्स 650 रुपये की जगह 1000 रुपये हो जाएगा। एंबुलेंस का भाड़ा भी बढ़ जाएगा। रेडियोलॉजी और पैथॉलोजी में भी जांच दरें बढ़ सकती हैं। अनुमान है कि 30 प्रतिशत तक बढ़ोत्तरी हो सकती है। हालांकि अभी अस्पताल में इसको लेकर मंथन किया जा रहा है। फिर भी संभावना है कि एसटीएच में अभी अल्ट्रासाउंड 150 रुपये का होता है। नए यूजर चार्ज लागू होने के बाद यहां अल्ट्रासाउंड 670 रुपये का हो जाएगा। प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि अभी मंथन किया जा रहा है। नई दरों को लेकर निर्णय लिया जाएगा। 

पीएचसी हल्दूचौड़ में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग
हल्द्वानी, अमृत विचार: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दूचौड़ में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को ज्ञापन भेजा है।
हेमंत सिंह गौनिया और गोविंद बल्लभ भट्ट ने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों, कर्मचारियों और संसाधनों की कमी होने से मरीज परेशान हो रहे हैं। अगर पीएचसी हल्दूचौड़ में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हों तो लोगों को उपचार के लिए हल्द्वानी नहीं जाना पड़ेगा। कुमाऊं आयुक्त से निवेदन किया कि आप इस मामले में हस्तक्षेप करें और अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने में अपना सहयोग दें।

संबंधित समाचार