इटावा में ईंट मारकर जान लेने का आरोपी गिरफ्तार: पत्नी ने शव आने पर किया जमकर हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा, अमृत विचार। सैफई क्षेत्र के गांव नगला गडरियान में मोबाइल चोरी के विवाद में ईंट मारने से एक युवक की जान चली गई थी। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव के गांव आने पर मृतक की पत्नी ने हंगामा करते हुए मृतक के भाई व आरोपी के पूरे परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। एसडीएम सीओ ने जांच का आश्वासन देकर अंतिम संस्कार कराया।                    

सैंफई थानाक्षेत्र में गांव नगला गडरियान में गुरुवार रात मोबाइल चोरी के विवाद में इसी गांव के 38 वर्षीय राजवीर उर्फ वीरेंद्र सिंह की सिर में ईंट लगने से मौत हो गई। मृतक दिल्ली में परिवार सहित रहता था जो दस दिन पहले ही गांव आया था। 

मृतक के भाई विजय कुमार ने इसी गांव के पूर्व प्रधान विश्राम सिंह के बेटे सिंटू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। जिसके तहत सैफई थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने फोर्स के साथ आरोपी सिंटू को नगला बरी तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पत्नी शिवकांती ने पोस्टमार्टम होने के बाद पति का शव शुक्रवार शाम घर आने पर हंगामा कर दिया।

मुकदमा दर्ज कराने वाले मृतक के भाई व आरोपी सिंटू के पूरे परिवार पर हत्या का आरोप लगाते शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। पूरी रात गांव में हंगामा होता रहा। शनिवार सुबह सैफई एसडीएम कौशल किशोर व सीओ पहुप सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंचे। जिन्होंने मृतक की पत्नी को मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर शव का अंतिम संस्कार कराया। 

ये भी पढ़ें- कानपुर में साइबर ठगों ने SGST के डिप्टी कमिश्नर को बनाया निशाना: सिम एक्टिवेट करने के नाम पर मंगाया OTP, फोन हैक कर खाते से उड़ाये 7.9 लाख रुपये

संबंधित समाचार