महाकुंभ: मुख्यमंत्री योगी ने बसंत पंचमी पर अमृत स्नान करने वाले साधु-संतों और श्रद्धालुओं को दी बधाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बसंत पंचमी पर महाकुंभ में तीसरे भव्य अमृत स्नान के दौरान संगम में डुबकी लगाने वाले संतों और श्रद्धालुओं को बधाई दी। योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा ‘‘महाकुम्भ-2025, प्रयागराज में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर पवित्र त्रिवेणी संगम में पावन अमृत स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने वाले पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, सभी अखाड़ों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई।’’
महाकुम्भ-2025, प्रयागराज में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर पवित्र त्रिवेणी संगम में पावन अमृत स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने वाले पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, सभी अखाड़ों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई! pic.twitter.com/iRpCi1FmJg
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 2, 2025
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री लखनऊ स्थित अपने आवास से अमृत स्नान के दौरान महाकुंभ में व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं। मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के दौरान मची भगदड़ की घटना के बाद यह अमृत स्नान हो रहा है। मौनी अमावस्या पर भगदड़ की घटना में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई थी तथा 60 लोग घायल हो गए थे।
बसंत पंचमी पर सुबह 8 बजे तक 62.25 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
महाकुंभ में बसंत पंचमी पर अमृत स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा है। आज सुबह 8 बजे तक 62.25 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई है। वहीं कल तक कुल 34.97 करोड़ श्रद्धालु डुबकी लगा चुके हैं।
वैभव कृष्ण ने कहा- तीन अखाड़ों का अमृत स्नान अभी तक हो चुका
डीआइजी महाकुंभ वैभव कृष्ण ने कहा, "व्यवस्था बहुत अच्छी है और आज भीड़ नियंत्रण आज हमारा काफी अच्छा है। सभी अखाड़ों का स्नान सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है और समय से पहले ही संपन्न हो रहा है. तीन अखाड़ों का स्नान अभी तक हो चुका है- महानिर्वाणी अखाड़ा, निरंजनी अखाड़ा और जूना अखाड़ा ने सफलतापूर्वक स्नान कर लिया है और अन्य अखाड़े भी सफलतापूर्वक स्नान करेंगे।"
यह भी पढ़ें:-महाकुंभ में बसंत पंचमी पर तीन अखाड़ों का 'अमृत स्नान' खत्म, जानिए अबतक कितने श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
