मुरादाबाद : छात्र ने फंदे पर लटककर दी जान, हत्या की आशंका...जानिए पूरा मामला
मुरादाबाद। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी में रहने वाले श्रमिक परिवार के छात्र ने फांसी के फंदे पर लटक कर जान दे दी है। आत्महत्या का कोई कारण सामने नहीं आने से हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
रेलवे कॉलोनी में मंदिर के समीप पुनीत का परिवार किराए के मकान में रहता है। पुनीत सिक्योरटी गार्ड की नौकरी करता है और पत्नी घरों में काम करती है। रविवार शाम पुनीत ड्यूटी गया था और पत्नी काम करने गईं थी। शाम करीब सात बजे पत्नी घर आई तो देखा आदित्य उर्फ शानू पंखे पर लटका हुआ था। बेटे को देख मां की चीखे निकल गईं। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। जल्दी से रस्सी को काट कर उतरा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मां का कहना है कि वह शाम को काम पर गईं थी। शानू घर के बाहर बने पार्क में खेल रहा था। उसने ही उन्हें अंदर बुलाया था। उन्होंने कहा है ज़ब वह काम पर गईं थी तो शानू खेल रहा था और चाय भी बनाई थी। पुलिस के साथ क्षेत्र के लोग कम उम्र में आत्महत्या करने की घटना से हैरान हैं।
मृतक आदित्य के बड़े भाई कौशिक ने बताया कि अब से 15 साल पहले उनके पिता राजू सागर की पेंट का कार्य करते समय हादसे में मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह अपनी मां संगीता के साथ संभल जिले के चंदौसी के बीएमजी इंटर कॉलेज के पीछे अपनी नानी के साथ रहते हैं। कुछ साल पहले उनकी मां संगीता ने पुनीत नाम के व्यक्ति के साथ चोरी छुपे अपना घर बसा लिया था और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेलवे चौकी के पास किराए के मकान पर रह रही थी। दिसम्बर के महीने में नानी के घर आकर मां बहला फुसलाकर अपने साथ आदित्य को अपने घर ले आई थी। जहां आज सुबह हमें उसकी मरने की सूचना मिली है।
मृतक आदित्य सबसे छोटा था। उससे बड़े दो भाई कौशिक और आलोक हैं। घटना के बाद से भाइयों और नानी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों ने आदित्य उर्फ शानू की हत्या का आरोप उसकी मां संगीता ओर उसके पति पुनीत पर लगाया है। थाना प्रभारी मनीष सक्सेना का कहना है छात्र के सुसाइड करने की सूचना प्राप्त हुई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी किसी प्रकार की की तहरीर प्राप्त नहीं हुई। तहरीर मिलने पर जांच कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : पीवीसी पैनल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
