बदायूं: तहसीलों और ब्लॉकों से मिलेगी मौसम की सटीक जानकारी, स्थापित किए उपकरण
बदायूं, अमृत विचार : अगले मानसून सत्र से जिले की तहसीलों और ब्लॉकों स्तर पर मौसम की सटीक जानकारी मिलेगी। साथ ही गांवों में वर्षा का एकदम सही माप भी सामने आएगा। राजस्व विभाग की ओर से सभी 15 ब्लॉकों पर 30 ऑटोमेटिक रेन गेज और पांचों तहसीलों में ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित करा दिए हैं। कार्यदायी संस्था ने स्थापित किए रेन गेज और वेदर स्टेशन का प्रशासन सत्यापन करा रहा है।
जिले में मौसम के पूर्वानुमान और बारिश की सटीक जानकारी लोगों को नहीं मिल पाती थी। मौसम की पूर्व से सटीक जानकारी नहीं पाने के कारण कई बार ग्रामीण और शहरी इलाकों में तेज बरसात और आंधी के कारण लोगों को नुकसान उठाना पड़ता था। ओलावृष्टि की स्थिति में लोगों को समय पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।
इस तरह की समस्याओं के समाधान के लिए राजस्व विभाग ने तहसीलों पर (एडब्ल्यूएस) ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन और ब्लॉकों पर (एआरजी) रेन गेज स्थापित कराने की कवायद शुरू की थी। ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन और ब्लॉकों पर रेन गेज सिस्टम लगाने के लिए लखनऊ की संस्था ओवन प्राइवेट लिमिटेड को नामित किया था।
पिछले दिसंबर माह के दौरान शासन ने राजस्व विभाग को बजट उपलब्ध कराया था। इसके बाद कार्यदायी संस्था ने ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन और रेन गेज स्टेशन स्थापित करने का काम शुरू कर दिया था, जो अब पूरा हो चुका है। इनके स्थापित होने के बाद प्रशासन द्वारा सत्यापन का काम चल रहा है। जिले में यह संयंत्र स्थापित होने से हर क्षेत्र में मौसम और बरसात की सटीक जानकारी मिल सकेगी।
बवंडर उठने से पहले मिलेगी
राजस्व विभाग के कर्मचारियों की माने तो ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन पर रडार से बारिश की तीव्रता, हवा की गति मापने के साथ बवंडर की दिशा का भी पता चल जाएगा। इससे आपदा से होने वाले नुकसान को रोकने में मदद मिलेगी। सभी ब्लॉकों और तहसील परिसरों में लगे ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन ओर रेनगेज की स्थापना केंद्र सरकार की विंड्स (वेदर इन्फॉर्मेशन नेटवर्क डाटा सिस्टम) योजना के तहत स्थापित किए गए हैं। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को समय पर सटीक मौसम की पूर्व अनुमान जानकारी प्राप्त हो सके।
सभी ब्लॉकों पर एआरजी और तहसीलों पर एडब्ल्यूएस स्थापित करा दिए गए हैं। अब उनका सत्यापन कराया जा रहा है। इसके बाद यह काम करने लगेंगे। इनके स्थापित होने से मौसम की सटीक जानकारी ग्रामीणों और शहर के लोगों को मिल सकेगी- डॉ. वैभव शर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व।
यह भी पढ़ें- बदायूं : ट्रक की टक्कर से कार चालक की मौत, चार घायल
