आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कन्नौज में कार आगे चल रहे ट्रक में घुसी: हादसे के बाद मची चीख-पुकार, दो की मौत व एक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज, सौरिख, अमृत विचार। दिल्ली से बिहार जा रही तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मिनी पीजीआई सैफई भर्ती कराया गया। पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।

बिहार के पटना जनपद के बाजार समिति थाना क्षेत्र के गिरजा अपार्टमेंट नया टोला गांव निवासी प्रसन्नजीत (44) पुत्र प्रमोद कुमार मुखर्जी, साथी आकाश कुमार (25) पुत्र हरिप्रसाद निवासी नूरसहाय पटना व चालक अशोक कुमार पुत्र देव की राय निवासी परता बाजार पटना के साथ कार से रविवार की रात दिल्ली से आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के रास्ते बिहार जा रहे थे। जैसे ही सकरावा थाना क्षेत्र के किलोमीटर 147 पर पहुंचे तभी तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कंट्रोल रूम की सूचना पर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार तिवारी,उप निरीक्षक किशनवीर सिंह, यूपीडा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह मौके पर पहुंच गए और घायलों को मिनी पीजीआई सैफई भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने आकाश एवं प्रसन्नजीत को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद भाग रहे ट्रक को चालक एवं हेल्पर समेत हिरासत में लिया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सकरावा थाने में खड़ा कराने के साथ यातायात सुचारु कराया गया।

ये भी पढ़ें- कानपुर में सुबह-शाम सफाई करने के आदेश के विरोध में कर्मचारी: नगर निगम मुख्यालय में नारेबाजी कर किया प्रदर्शन...

 

संबंधित समाचार