भाजपा विधायक के भाई ने अपने बेटे की गोली मारकर की हत्या, सामने आई ये वजह
उज्जैन। मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घट्टिया विधायक के भाई ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने बेटे को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घट्टिया विधानसभा सीट से भाजपा विधायक सतीश मालवीय के बड़े भाई मंगल मालवीय का जिले के माकड़ौन तहसील के सचाई गांव में किराने की दुकान के रूपयों के लेन देन को लेकर आज सुबह अपने बेटे अरविन्द मालवीय (30) से विवाद हो गया। इसी दौरान मंगल ने अपनी लाइसेंसी बदूंक से अपने बेटे को सिर और सीने में गोली मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- राज्यसभा: गूगल मैप से होने वाली दुर्घटनाओं का मुद्दा उठा, सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग
