कानपुर में रोडवेज बस ऑटो में टक्कर मारते हुए डंपर में घुसी, डेढ़ दर्जन सवारियां घायल: जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के घाटमपुर में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां अनियंत्रित रोडवेज बस ऑटो में टक्कर मारते हुए डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसे में रोडवेज बस में सवार डेढ़ दर्जन सवारियां घायल हो गई। घायलों को एंबुलेंस की मदद से घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर घायलों को कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
राठ निवासी रोडवेज बस चालक शमीम अहमद ने बताया कि वह अपने साथी परिचालक के साथ रोडवेज बस में लगभग 55 सवारियां लेकर राठ डिपो जा रहे थे। तभी कानपुर सागर हाइवे पर स्थित सजेती थानाक्षेत्र के गुजेला गांव के पास पहुंचते ही बस के आगे अचानक ऑटो आ गया, जिससे रोडवेज बस अनियंत्रित होकर ऑटो में टक्कर मारते हुए डंपर में पीछे से जा घुसी।
हादसे में घाटमपुर के कोटद्वार निवासी 75 वर्षीय शिवदेवी व उनके पति सुरेश चंद्र गुप्ता, उन्नाव के कगरमऊ निवासी 35 वर्षीय चांदनी पत्नी पप्पू, कानपुर के जरौली निवासी 50 वर्षीय श्री कृष्ण, महोबा के चररवादी निवासी 85 वर्षीय गन्शी, उन्नाव के बांगरमऊ निवासी 14 वर्षीय धीरज व 4 वर्षीय शिब्बू शामिल हैं। इसके अलावा ऑटो सवार घाटमपुर निवासी 2 वर्षीय दिव्यांश, 22 वर्षीय सीमांशु, 35 वर्षीय गुड़िया, 65 वर्षीय श्यामादेवी, हरदौली निवासी 70 वर्षीय नरेंद्र, दिव्यांशी 6 वर्षीय, 50 वर्षीय रामचंद्र, 70 वर्षीय झल्लू यादव भी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रोडवेज बस के एआरएम रामप्रताप साहू ने घाटमपुर सीएचसी पहुंचकर घायलों से घटना की जानकारी जुटाई है। उन्होंने घायलों को उपचार के लिए हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने घटना के बाद हाइवे पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को पीएनसी की क्रेन की मदद से किनारे करवाकर हाइवे पर यातयात बहाल कराया है।
घाटमपुर एसीपी रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया है। घटना के बाद हाइवे पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को पीएनसी की क्रेन की मदद से किनारे करवाकर हाइवे पर यातयात बहाल कराया है।
एआरएम ने घायलों से पहुंचकर जुटाई जानकारी
रोडवेज बस के एआरएम रामप्रताप साहू ने बताया कि उन्होंने घाटमपुर सीएचसी पहुंचकर उन्होंने घायलों से घटना की जानकारी जुटाई है। इसकी रिपोर्ट वह उच्चाधिरयों को सौंपेंगे। उन्होंने घाटमपुर सीएचसी में मौजूद घायलों को उपचार के लिए हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।
ये भी पढ़ें- Kanpur के विकास नगर में गरजा बुलडोजर, महापौर प्रमिला पांडेय ने सामने खड़े होकर तुड़वाए अतिक्रमण
