Lucknow News : सोनू के करीबी समेत 25 से पूछताछ, 16 संदिग्ध रडार पर
Lucknow, Amrit Vichar : दुबग्गा के बरावनखुर्द की आठ वर्षीया छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को फंदा लगाकर खुदकुशी करने वाले सोनू के करीबी समेत 25 लोगों से पूछताछ की। वहीं बरावन खुर्द से लेकर सैरपुर जाने वाले पांच रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही थी। पुलिस के मुताबिक हत्या में करीबी के शामिल होने की आशंका है। पुलिस के रडार पर 16 संदिग्ध है। उनके बारे में जानकारी जुटा रही है।
दुबग्गा के बरावन खुर्द इलाके में सब्जी विक्रेता की आठ वर्षीया बेटी 23 जनवरी की शाम करीब चार बजे सब्जी बेचने निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं पहुंची थी। परिजन ने 24 जनवरी को दुबग्गा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सैरपुर इलाके में नरहरपुर भुड़पुर गांव के पास सहारा शहर के पीछे जंगल में नाले में शनिवार दोपहर छात्रा का शव मिला था। मासूम के हाथ और पैर रस्सी से बंधे थे। रविवार को हुए पोस्टमॉर्टम में सिर पर भारी चीज से हमला कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।
पांच रास्तों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
इंस्पेक्टर दुबग्गा अभिनव वर्मा के मुताबिक बरावन खुर्द से लेकर सैरपुर इलाके में जिस नाले में शव फेंका गया था। वहां के जाने के लिए पांच रास्ते हैं। इन रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि शव 23 जनवरी की रात से 24 जनवरी के बीच ले जाकर नाले में फेंका गया। इस लिए इन दो दिनों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चके की जा रही है। आत्महत्या करने वाले सोनू पंडित के एक परिचित को पुलिस पूछताछ के लिए लेकर आई। उससे कई चरणों में पूछताछ की गई है। यही नहीं पुलिस अब तक इस मामले में बरावनखुर्द से लेकर सैरपुर के बीच में रहने वाले 25 लोगों से पूछताछ कर रही है।
सोनू के करीबियों के मोबाइल की जांच
इस हत्याकांड में संदेह के घेरे में आये सोनू पंडित और उसकी पत्नी जुगनू को पुलिस ने दो बार पूछताछ की। सोनू के मोबाइल में कई संदिग्ध मैसेज और वीडियो मिले। पुलिस ने पति-पत्नी के मोबाइल जब्त कर लिये थे। शनिवार को दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया। थाने से वापस आने के बाद सोनू ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस को सोनू द्वारा अपने साले को भेजा गया मैसेज मिला था। जिसमें लिखा कि फोन सर्विलांस पर लगा है। कोई कॉल व मैसेज न करना, नहीं तो फंस जाओगे।
उधर सोमवार सुबह सोनू पंडित की पत्नी जुगनू भी अपने घर से लापता हो गई है। पुलिस ने उसके बारे में जानकारी जुटा रही है। हालांकि पड़ोसी बता रहे हैं कि वह अपने रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकली है। लेकिन वहीं, उसके अचानक से घर छोड़ने की बात पर कई तरह की चर्चा भी है। पुलिस के मुताबिक एक टीम सोनू के साले और उसके परिवार की जानकारी जुटा रहा है। सोमवार को पुलिस छात्रा के घर गई थी। दुबग्गा इंस्पेक्टर अभिनव कुमार वर्मा ने बताया कि संदिग्ध लोगों से पूछताछ व अन्य बिंदुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Wanted Tiger: 40 बीघे के घने जंगल में 60 दिनों से वन विभाग को गच्चा दे रहा बाघ
