कासगंज : बादल व बारिश ने किसानों को जगाई अच्छी पैदावार की उम्मीद

तापमान बढ़ने से गेहूं की फसल को हो रहा था नुकसान

कासगंज : बादल व बारिश ने किसानों को जगाई अच्छी पैदावार की उम्मीद

कासगंज, अमृत विचार। छाए बादल और बारिश से किसानों को फसलों की अच्छी पैदावार को लेकर उम्मीद जगी है। अभी तापमान बढ़ने से गेहूं की फसल व अन्य फसलों के किसानों को पैदावार कम होने की चिंता सता रही थी। बादल और बारिश से तापमान कम हुआ है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है।

पिछले दिनों मौसम साफ रहने और धूप के कारण तापमान अधिक था। जिससे गेहूं की फसल पर प्रतिकूल असर हो रहा था। किसानों को चिंता थी कि उनकी फसल की पैदावार कम रहेगी। मंगलवार की रात्रि से बारिश और बादल छाए रहने से तापमान कम हुआ है। वहीं सिंचाई की जरूरत भी खत्म की है। जिससे किसानों को लाभ हुआ है। किसानों का कहना है कि कुछ दिन और तापमान कम रहता है तो गेहूं की फसल की पैदावार बढ़ सकती है। अन्य फसलों में भी पानी लगने से खेतों में नमी आई है, जिससे फसलों को लाभ होगा।

किसानों की बात:
- पिछले दिनों तापमान अधिक रहने और धूप के पड़ने से गेहूं की फसल में नुकसान हो रहा था। मौसम बदलने से अब फसल के ठीक होने की उम्मीद जगी है। - प्रहलाद, किसान।

- मटर सहित अन्य दलहनी फसलों में हल्की बारिश से खेतों में नमी आ जाएगी। इससे पैदावार अच्छी होने की आस है। सरसों की फसल में अधिक दिनों तक धूप न निकलने से कुछ नुकसान हो सकता है। - रामपाल सिंह, सुल्तानपुर

- मौसम की करवट से फसलों के अच्छे होने की उम्मीद बढ़ी है। किसानों को सिंचाई के लिए परेशान नहीं होना होगा। कुछ दिन और ऐसा ही मौसम रहता है तो बेहतर है। - कुलदीप, किसान

- बारिश और बादल से गेहूं की फसल में हो रहे नुकसान में कमी आएगी। फसलों को लाभ होगा। कुछ दिन और तापमान कम रहता है तो गेहूं की पैदावार अच्छी हो सकती है। - प्रेमपाल, किसान।

फरवरी माह के शुरु में ही तापमान मार्च माह के शुभारंभ के समान हो गया था। जिससे गेहूं की फसलों को नुकसान हो रहा था। बारिश और बादल से तापमान कम हुआ है। यह स्थिति गेहूं की फसल में हो रहे नुकसान को कम करेगी। यदि तापमान 10 से 15 दिन रहता है तो गेहूं की फसल अच्छी होगी। वहीं दलहनी फसलों के खेतों में नमी आने से उनमें भी पैदावार बढ़ेगी। - ब्रज विकास सिंह, कृषि वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, मोहनपुरा कासगंज।

ये भी पढ़ें - कासगंज : बाउंड्रीवाल, मैन गेट और डिजिटल टॉयलेट शीघ्र बनवाने के निर्देश –जिलाधिकारी