कानपुर में अधिवक्ता के इशारे पर व्यापारी के घर हुई तोड़फोड़ व फायरिंग: बाल-बाल बची थी पत्नी, DCP वेस्ट के आदेश पर FIR दर्ज
कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर में राजकीय उन्नयन बस्ती में एक अधिवक्ता के इशारे पर दबंगों ने व्यापारी के घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। पीड़ित की पत्नी ने कंट्रोल रूम फोन कर पुलिस को सूचना दी। इस मामले में डीसीपी वेस्ट ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है।
राजकीय उन्नयन बस्ती निवासी बलराज सिंह मीणा व्यापारी हैं। बलराज के मुताबिक बीते रविवार की शाम को इलाके के अधिवक्ता श्याम सिंह राणा के इशारे पर रजत, नीरज, तुन्ना, विशाल वर्मा, बाली, लुई, सनी, भोटा, खन्ना व 15 महिलाओं समेत लगभग तीन दर्जन लोगों ने उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर व्यापारी की पत्नी पर फायर झोंक दिया। जिसमें वह बाल बाल बची।
सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहले दबंग गाली गलौज करते हुए व्यापारी को जान से मारने की धमकी देकर निकल गए। इस मामले में डीसीपी वेस्ट के निर्देश पर पुलिस ने अधिवक्ता समेत आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कल्याणपुर एसीपी कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि आला अधिकारियों को निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विरोध में गवाही देने को लेकर रंजिश मनता है अधिवक्ता
पीड़ित बलराज सिंह मीणा ने बताया कि पुराने एक मुकदमे में उन्होंने अधिवक्ता श्याम सिंह राणा के खिलाफ गवाही देकर सच का साथ दिया था। इसी को लेकर अधिवक्ता उनसे रंजिश मानता है।
