पीलीभीत: पहले शराब पिलाकर जालसाज ने लगवाए अंगूठे, फिर गिरवी जमीन करा ली पत्नी के नाम

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। कृषि भूमि गिरवी रखकर छह लाख रुपये उधार लेने गए ग्रामीण से जालसाज ने ठगी कर ली। पहले ग्रामीण को घर बुलाकर शराब पिलाई और फिर कातिब के साथ मिलकर ग्रामीण की जमीन को आरोपी ने अपनी पत्नी के नाम पर बैनामा करा लिया। इसकी जानकारी कुछ दिन बाद हो  सकी। कोतवाली पुलिस ने मामले को पहले जांच के नाम पर टाल दिया। अब एसपी के आदेश पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।

कोतवाली में दी गई तहरीर में बख्शपुर गावं के रहने वाले महेंद्रपाल ने बताया कि वह अशिक्षित और दिव्यांग हैं। उन्होंने पुत्र दीपक की शादी के लिए रुपये की जरूरत पड़ने पर गांव के ही सालिकराम के पास 19 नवंबर 2024 को तीन बीघा कृषि भूमि गिरवी रखकर 1.20 लाख रुपये लिए थे। एक गिरवी नामा स्टांप पर लिखवाया गया था। 25 दिसंबर 2024 को उधार लिए समस्त रुपये बनवारी लाल और मिढ़ईलाल के सामने सालिकराम को वापस कर दिए थे। 31 दिसंबर को पुन: जरूरत पड़ने पर छह लाख रुपये मांगे गए। डेढ़ बीघा कृषि भूमि को गिरवी रखने के लिए कहा था। इस पर सालिकराम ने कहा कि गिरवी नामा तहसील में रजिस्टर्ड तैयार होगा। भरोसा दिलाया कि तहसील में किरायानामा बनवाने के बाद छह लाख रुपये दे देगा। एक जनवरी 2025 को सुबह दस बजे वह आरोपी के घर गए। सालिकराम ने पहले शराब पिलाई और फिर रजिस्ट्री कार्यालय ले गया। वहां कातिब सरवत उल्ला खां संग मिलकर साजिश के तहत पीड़ित के फोटो लगाकर कई कागज व स्टांप पर अंगूठा लगवा लिया। इसके बाद कहा कि चेक घर चलकर दे देगा। मगर इसके बाद न तो रुपये दिए न ही चेक। बाद में पता चला कि आरोपी ने अपनी पत्नी भाग्यवती के नाम पर बैनामा करा लिया है।  सालिकराम, उसकी पत्नी भाग्यवती, कुंजबिहारी और कातिब सरवत उल्ला खां द्वारा धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने का आरोप लगाया। पूर्व में कोतवाली जाकर शिकायत की गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद एसपी के समक्ष पेश होकर दुखड़ा सुनाया। तब जाकर अब कार्रवाई हो सकी है।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: महिला टेलर तो बस कपड़े सीती थी, मनचलों ने समझा कुछ और...कर दी ये गंदी बात!

संबंधित समाचार