Kanpur: टैंकर से 25 टन खाद्य तेल चोरी, छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज, जानिए पूरा मामला
कानपुर, अमृत विचार। गुजैनी थानाक्षेत्र में टैंकर से तेल चोरी करने की घटना सामने आई है। जहां टैंकरों की माप के दौरान तीन टैंकरों से तकरीबन 25 टन कम खाद्य तेल की जानकारी हुई। इस पर टर्मिनल यार्ड के हेड ने छह पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कल्याणपुर निवासी करुण दुबे ने बताया कि वह मेसर्स लोगिस्टिक पार्क प्राइवेट लिमिटेड के पनकी रानीगंज भट्ठा एरिया में टर्मिनल यार्ड के हेड हैं। उनकी फर्म कार्गो हंडलिंग व आपरेशन का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात उनके यार्ड में 11 गार्ड और एक गनर तैनात थे। बुधवार सुबह जब तीन टैंकर में भरे तेल व टैंक के तेल की माप कराई गई तो टैंक नंबर सात से करीब 25 टन खाद्य तेल कम मिला तो जानकारी सुपरवाइजर गौरव गुप्ता ने दी।
कुछ ही देर बाद बर्रा आठ ई ब्लाक निवासी शिवदत्त गुप्ता कार्यालय आए और उन्होंने बताया कि वह खाद्य तेल खरीदने व बेचने का काम करते हैं। उनका एक गिरोह है, जो टैंकरों के चालकों की मदद से बेचे गए तेल को कम दामों पर खरीदता है और बर्रा आठ के शुभम मिश्रा को बेच देता है।
मंगलवार रात शुभम व उसके साथी रात करीब डेढ़ बजे बोलेरो में बैठाकर अपने साथ पनकी स्थित यार्ड में ले गए और दीवार के पास अपना टैंकर खड़ा करा हौज पाइप यार्ड के अंदर करा दिया। उसे वाल्व से जोड़कर खाद्य तेल चोरी कर टैंकर में भरा और शुभम ने अपने घर के पास खड़ा करा दिया। मामले में यार्ड हेड ने आरोपितों पर गुजैनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है। गुजैनी थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि आरोपी शिवदत्त गुप्ता से पूछताछ की जा रही है।
