Bareilly: दीवारों पर लगाए गए लाल निशान, अब तोड़ने की तैयारी शुरू...लोगों में बेचैनी का माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: मॉडल टाउन में सीएम ग्रिड प्रोजेक्ट के तहत होने वाले निर्माण कार्यों में बाधक बनी दीवारों और गेट पर बृहस्पतिवार को लाल निशान लगा दिए गए। एक-दो दिन में इन्हें तोड़ने की तैयारी है। इलाके के लोगों में इससे बेचैनी का माहौल है।

मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड) के पहले फेज का काम मॉडल टाउन में शुरू हुआ है जो 15 महीने में पूरा किया जाना है। फिलहाल करीब सात सौ मीटर सड़क के निर्माण के लिए भूमिगत सीवर लाइन डाली जा रही है।

इसके लिए कीर्तिनगर, आनंद विहार कॉलोनी और पुराने रेलवे लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर खुदाई की जा रही है है। बुधवार को निरीक्षण करने पहुंचे नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य को कार्यदायी एजेंसी के इंजीनियरों ने सीवर लाइन डालने में कई दीवार और गेट बाधक बनने की जानकारी दी थी। नगर आयुक्त ने सर्वे कर ऐसी दीवारों और गेटों को चिह्नित करने का निर्देश दिया था।

बृहस्पतिवार को तकनीकी टीम ने नापजोख करने के बाद कुष्ठ आश्रम रोड पर दो खोखों और तीन गेट समेत कई दीवारों को तोड़ने के लिए उन पर लाल निशान लगा दिया। दो मकानों के छज्जे भी चिह्नित किए गए हैं। नगर आयुक्त ने इन्हें हटाने के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान के प्रभारी को निर्देश जारी किए हैं। एक-दो दिन में तोड़फोड़ शुरू होने की संभावना है।

गहरी खुदाई से दीवार दरकने का डर, पानी की पाइप लाइन टूटी
सीवर लाइन डालने के लिए कई मकानों की बुनियाद के करीब गहरी खुदाई होने से लोग उनकी दीवारें धंसने की आशंका जता रहे हैं। खुदाई के दौरान बृहस्पतिवार को पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे आनंद विहार में पानी की सप्लाई बाधित हो गई है।

कॉलोनी के लोगों ने सुबह नगर आयुक्त से पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। उनका कहना था कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से सुबह पानी नहीं आया, इसकी वजह से उन्हें काफी दिक्कत झेलनी पड़ी। उन्होंने मांग की कि नगर निगम वैकल्पिक व्यवस्था करें क्योंकि काम कई दिन चलेगा। इतने दिन वे पानी के लिए कहां-कहां भटकेंगे।

सुबह से कॉलोनी में पानी की किल्लत है। इसकी शिकायत नगर निगम में की गई है लेकिन अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इससे सभी को काफी परेशानी हो रही है- गुरमीत सिंह, आनंद विहार।

पाइप लाइन टूट जाने के कारण कॉलोनी में पानी नहीं आया। लोग बहुत दिक्कत महसूस कर रहे हैं। सुबह से शाम हो गई लेकिन जलकल विभाग के कर्मचारी देखने तक नहीं आए हैं- तरनीत सिंह, आनंद विहार।

सीवर लाइन डालने से पहले पाइप लाइन को नुकसान से बचाने की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। पानी न आने के वजह से कॉलोनी में लोगों के घरेलू काम प्रभावित हो रहे हैं- गुरमीत सिंह, आनंद विहार।

यह भी पढ़ें- Bareilly: 2 भाइयों समेत 6 लोगों को उम्रकैद की सजा, दलित युवती की गैंगरेप के कर दी थी हत्या

 

संबंधित समाचार