Kanpur: घी गोदाम में लगी भीषण आग, दमकलकर्मियों ने पाया काबू, कोई जनहानि नहीं, शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
कानपुर, अमृत विचार। गोविंद नगर में रामलीला ग्राउंड के पास घनी आबादी में एक नामी कंपनी के घी गोदाम में भीषण आग लग गई जिससे अफरातफरी मच गयी। गोदाम के ऊपर रह रहे परिवार में हड़कंप मचा और परिवार धुआं उठते ही घर से बाहर भागकर रामलीला ग्राउंड में शरण ली।

गोविंद नगर में राम लीला ग्राउंड के पास सोहन स्वीट के बगल में निखिल कूपर का घी गोदाम है। इस गोदाम के ऊपर ही परिवार रहता है। दोपहर लगभग 12.15 बजे घी गोदाम में आग लग गई। ये गोदाम भूतल पर था। आशंका जताई जा रही है कि ये आग शार्ट सर्किट से लगी। घटना होते ही गोदाम के ऊपर रह रहा परिवार किसी तरह आग से बचकर रामलीला ग्राउंड पहुंचे।
क्षेत्र में काला धुआं फैल गया आंख में धुआं लगने के कारण लोग परेशान रहे। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि फंसा परिवार कपूर परिवार है। घनी आबादी होने के कारण आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन भड़क रहे शोलों के कारण कोई आग बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। घटना की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई।
घटना की जानकारी होते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा कई फायर की गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सबसे पहले आग को बढ़ने से रोका और चारों ओर से आग को घेरकर तीन घंटे में उसपर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी का कहना है कि तुरंत फायर की गाड़ियां पहुंचने से किसी प्रकार की जन हानि नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि घी गोदाम में फायर सिस्टम था कि नहीं, इसकी जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Kanpur: वंदे भारत ट्रेन के आगे कूदा युवक, मौत, प्लेटफार्म पर परिजनों के आपस में झगड़ने पर दी जान
