Kanpur में पनकी पड़ाव पुल के लिए बजट में आवंटित होगी धनराशि, प्रस्ताव भेजा गया, लाखों लोगों को मिलेगा लाभ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। पनकी पड़ाव क्रासिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण को लोक निर्माण विभाग की प्रमुख अभियंता समिति ने हरी झंडी दे दी है। परियोजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट को अब मंजूरी के लिए शासन की वित्त एवं व्यय समिति के पास भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने के साथ ही प्रोजेक्ट के लिए बजट में धन आवंटन भी हो जाएगा। इसके संकेत शासन से मिल गए हैं। इस पुल के बनने से 5 लाख से अधिक आबादी को लाभ होगा।

अभी हाईवे पर हादसा होने के बाद घायलों को हैलट अस्पताल लाना पड़ता है , जबकि पास के नारायना मेडिकल कॉलेज में इसलिए घायल भर्ती नहीं हो पाते क्योंकि ज्यादातर समय तो क्रासिंग ही बंद रहती है। पुल बनने के बाद वहां घायलों को समय से भर्ती कराकर उनकी जान बचाने में आसानी होगी।  

इटावा , झांसी, हमीरपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहन जैसे ट्रक डंपर बड़े पैमाने पर पनकी पड़ाव क्रासिंग से होते हुए कल्याणपुर की ओर आते हैं लेकिन उन्हें क्रासिंग बंद होने की वजह से जाम भी झेलना पड़ता है। यदि किसी को हार्ट अटैक आ जाए और उसके परिजन चाहें की गोल्डन ऑवर में नारायना मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दें तो नहीं करा सकते क्योंकि यह क्रासिंग हर पांच से 10 मिनट बाद बंद हो जाती है। इस मार्ग पर ढाई सौ से अधिक ट्रेनों और सौ से अधिक मालगाड़ियां चलतीं हैं। इसी जाम से बचने के लिए ही तमाम लोग इस क्रासिंग से होकर जाने के बजाय पनकी भाटिया तिराहा होते हुए पनकी मंदिर से कल्याणपुर की ओर जाते हैं। जब पुल बनेगा तो इस समस्या का समाधान हो जाएगा।  

वाई आकार का बनेगा पुल

इस पुल को वाई आकार का बनाया जाएगा। यह कल्याणपुर की तरफ से नारायना मेडिकल कॉलेज की ओर जाने वाले तिराहे के पास से शुरू होगा और क्रासिंग को पार करने के बाद इसका एक सिरा न्यू ट्रांसपोर्ट नगर तो दूसरा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ मुड़ेगा। इससे पनकी की ओर से आने वाले लोग जिन्हें न्यू ट्रांसपोर्ट नगर की ओर जाना है वे आसानी से चले जाएंगे या यहां से जिन वाहनों को कल्याणपुर की ओर जाना है वे भी चले जाएंगे। इसी तरह स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से आने वाले वाहनों को भी आवागमन में सुगमता होगी।

संबंधित समाचार