हल्द्वानी में ऑफलाइन प्रवेश की मांग को लेकर छात्र नेता अड़े
अमृत विचार, हल्द्वानी। बीए प्रथम वर्ष में ऑफलाइन प्रवेश की मांग को लेकर शनिवार को एक बार फिर छात्र नेता गरजेंगे। इस दौरान प्रदर्शन के साथ अपनी मांग मनवाने का प्रयास किया जाएगा। मांग पूरी न होने पर कालेज में तालाबंदी की जाएगी। ऑफलाइन प्रवेश की मांग को लेकर छात्र नेताओं की ओर से कालेज …
अमृत विचार, हल्द्वानी। बीए प्रथम वर्ष में ऑफलाइन प्रवेश की मांग को लेकर शनिवार को एक बार फिर छात्र नेता गरजेंगे। इस दौरान प्रदर्शन के साथ अपनी मांग मनवाने का प्रयास किया जाएगा। मांग पूरी न होने पर कालेज में तालाबंदी की जाएगी। ऑफलाइन प्रवेश की मांग को लेकर छात्र नेताओं की ओर से कालेज प्रबंधन को अल्टीमेटम दिया जा चुका है। ऐसे में शनिवार को एक बार फिर बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश को लेकर माहौल गरमाने वाला है। वहीं, पुलिस भी एक्टिव मोड में आ गई है।
गुरुवार को पूर्व छात्र नेता और पार्षद रोहित कुमार के नेतृत्व में प्राचार्य डॉ. बीआर पंत का घेराव किया गया था। इस दौरान छात्र नेताओं की प्राचार्य से जमकर नोंकझोंक हुई थी। छात्र नेताओं ने प्राचार्य के सामने ही नारेबाजी करना शुरू कर दिया था। आखिरकार छात्र नेता प्राचार्य को 24 घंटे की चेतावनी देकर कक्ष से बाहर निकल गये थे। शुक्रवार को सरकारी अवकाश होने के चलते छात्र नेता कुछ नहीं कर सके। छात्र नेताओं का कहना था कि शनिवार को अगर मांग पूरी नहीं की गयी तो प्रदर्शन के साथ तालाबंद की जाएगी।
प्रवेश को लेकर चल रहे हंगामे के बीच कालेज प्रबंधन की ओर से पुलिस प्रशासन को भी धरना प्रदर्शन व तालाबंदी करने के एवज में जानकारी दे दी है। ऐसे में पुलिस प्रशासन की ओर से पूर्व छात्र नेताओं और जनप्रतिनिधियों का कालेज में आना वर्जित रहेगा। अब ऐसे में देखना यह है कि शनिवार को पुलिस प्रशासन कितना कामयाब रहता है। प्राचार्य डॉ. बीआर पंत ने बताया कि छात्र नेताओं की ओर से धरना प्रदर्शन और तालाबंदी करने को लेकर प्रशासन को अवगत करा दिया गया है।
