Lucknow News : नौकरी का झांसा देकर 5 लाख ऐंठने और दुष्कर्म करने वाला गिरफ्तार

Lucknow News : नौकरी का झांसा देकर 5 लाख ऐंठने और दुष्कर्म करने वाला गिरफ्तार

Lucknow, Amrit Vichar :  बलरामपुर अस्पताल में नियुक्ति का झांसा देकर महिला से 5 लाख रुपये ठगने और यौन शोषण करने वाले आरोपी को ठाकुरगंज पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज श्रीकांत राय ने बताया कि आरोपी दवा बेचने का काम करता है। आरोपी ने खुद को डॉक्टर बताकर पीड़िता को फंसाया था।

चौक में बड़ी काली जी मंदिर निवासी तलाकशुदा महिला ने बताया कि उनकी मुलाकात अलीगंज के बड़ा चांदगंज निवासी आकाश अवस्थी से हुई। बातचीत में आकाश ने खुद को डॉक्टर बताया था। यही नहीं आरोपी ने महिला की नौकरी बलरामपुर अस्पताल में संविदा पर लगवाने की बात कही थी। झांसे में आने पर आरोपी ने नौकरी संबंधित कुछ औपारिकताएं पूरी करने के लिए पीड़िता को ठाकुरगंज स्थित अपने दूसरे घर में बुलाया। फिर दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध पर आरोपी ने जल्द शादी करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद से आकाश पीड़िता का यौन शोषण करता रहा।


पीड़िता का आरोप है कि आरोपी आकाश ने नौकरी लगवाने के बदले पांच लाख रुपये भी लिए थे। कुछ दिन बाद आकाश ने उसे अस्पताल का नियुक्ति पत्र दे दिया। नियुक्ति पत्र पर बलरामपुर अस्पताल की मुहर नहीं लगी होने पर पीड़िता को शक हुआ। जांच करने पर पता चला कि आकाश ने उसे जाली नियुक्ति पत्र दिया है। पीड़िता ने दिसंबर माह ठाकुरगंज थाने में आकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को पुलिस ने आरोपी आकाश को कुड़ियाघाट के पास से गिरफ्तार कर लिया।

किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

इटौंजा इलाके में घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म करने वाले आरोपी कृष्णा गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इटौंजा पुलिस ने डीसीपी की फटकार के बाद 27 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज की थी। थाना क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी के परिवार के सभी लोग 31 दिसंबर को खेत गए थे। वह घर पर अकेली थी। इस बीच कृष्णा गुप्ता उनके घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी के साथ हाथापाई की और शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। दोपहर तीन बजे परिजन खेत से लौटे तो किशोरी ने आपबीती बताई। घरवालों ने मदद के लिए पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। भाई का आरोप है कि पुलिस आरोपी कृष्णा को पकड़ कर ले गई और रास्ते में छोड़ दिया था। उन्होंने पुलिस से लिखित शिकायत भी की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पीड़ित भाई ने डीसीपी से मुलाकात कर शिकायत की थी। जिसके बाद इटौंजा पुलिस ने दुष्कर्म, धमकी, गाली गलौज, पॉक्सो एक्ट और एससीएसटी की रिपोर्ट दर्ज की थी।

यह भी पढ़ें- बाराबंकी: बाइकों में जोरदार टक्कर से छात्र और मजदूर की मौत, दो गंभीर