मुरादाबाद : दूर हुईं जिला गजेटियर की त्रुटियां, मंडलीय कमेटी करेगी फाइनल...शासन को भेजा जाएगा जिला गजेटियर
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला गजेटियर की त्रुटियां दूर कर ली गई हैं। जिसे अब मंडलीय कमेटी फाइनल करेगी। मंडलायुक्त की टेबल पर पहुंचने से पहले उसे दोबारा चेक किया जा रहा है। 300 पेज में जिले का डिटेल दर्ज किया गया है। फाइनल मुहर लगने के बाद शासन को भेज दिया जाएगा।
यूपी का मॉडल गजेटियर मुरादाबाद में तैयार किया गया है। जिसमें ऐतिहासिक, भौगोलिक, आर्थिक जानकारी से लेकर सांस्कृतिक पहलू भी शामिल हैं। 11 अध्याय की प्रश्नावलियों में मुरादाबाद के उद्योगों से लेकर पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था सभी का डाटा है। एडीएम प्रशासन गुलाब चंद ने इसमें सुधार करवा कर सभी विभागों का डिटेल भेज दिया है। मंडलायुक्त के अवलोकन के बाद शासन में प्रमुख संपादक जिला गजेटियर विभाग को इसकी प्रति भेजी जाएगी और इसे वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा। शासन स्तर से यह पास होगा, उसके बाद अन्य जिलों में भेजा जाएगा।
मुरादाबाद के साथ ही लखनऊ भी जिला गजेटियर बना रहा है। मुरादाबाद में जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली कमेटी ने इस गजेटियर की सामग्री करे संकलित करवाया है। गजेटियर तैयार पहले हो गया था, लेकिन कुछ अशुद्धियां दूर करने के लिए एडीएम प्रशासन ने इसकी जिम्मेदारी एक एसडीएम समेत कुछ अन्य अधिकारियों को दी थी, उसे पूरा करके इसे भेज दिया गया है। मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव भी इसे चेक करेंगे, इसके बाद मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह इस पर मुहर लगाएंगे।
