Moradabad News : उद्योग के साथ अब पर्यटन के नक्शे पर भी दिखेगा मुरादाबाद, संविधान साहित्य उपवन में यह मिलेगी सुविधा

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

नगर निगम, स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से कई परियोजनाओं के पूरा होने पर बदल जाएगा महानगर का नजारा,

बुद्धि विहार फेज टू में 25 करोड़ की लागत से 2 एकड़ क्षेत्रफल में बन रहा युद्ध स्मारक (वार मेमोरियल), संविधान साहित्य उपवन (पार्क) लगभग 2 एकड़ क्षेत्रफल में 10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा

मुरादाबाद, अमृत विचार। विश्व प्रसिद्ध पीतल नगरी में नगर निगम व स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से मुरादाबाद केवल उद्योग के क्षेत्र में ही नहीं पर्यटन के नक्शे पर भी दिखेगा। यहां आने वालों को अब नया लुक दिख रहा है। दिल्ली रोड, रामपुर रोड हो या कांठ रोड मुरादाबाद अब लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। आगामी महीनों में कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजना के पूरे होने पर जिले में पर्यटन को लेकर स्थानीय ही नहीं बाहर के लोगों को भी नया अनुभव मिलेगा।

नगर निगम व स्मार्ट सिटी लिमिटेड की परियोजनाओं से महानगर को नया लुक मिला है। कांठ रोड, दिल्ली रोड व रामपुर रोड पर हुए कार्यों जिसमें आदि विद्रोही पथ, डिजिटल पथ आदि के कार्य पूरे होने के साथ ही कई नई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। 232 करोड़ रुपये की लागत से बने एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर से जहां पूरे महानगर क्षेत्र की सेंसरयुक्त कैमरों से निगरानी हो रही है। वहीं दिल्ली से आने वालों को महानगर में शाम ढलने पर नया अंदाज दिख रहा है। दिल्ली रोड पर सड़कों के किनारे हुए विकास कार्यों से नया रौनक दिख रहा है। वहीं आगामी महीनों में दो बड़ी महत्वपूर्ण परियोजना भी पूरी होगी। जिससे पर्यटन के नक्शे पर महानगर को भी लोग सर्च कर देखने पहुंचेंगे।

दिल्ली रोड से सटे बुद्धि विहार फेज 2 में युद्ध स्मारक (वॉर मेमोरियल), संविधान साहित्य उपवन विकसित किया जा रहा है। युद्ध स्मारक 25 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 2 एकड़ क्षेत्रफल में बन रहा है। इसका निर्माण कार्य इस साल मई में पूरा हो जाएगा। इसमें 1947 के बाद भारत की प्रमुख युद्ध गाथाओं को प्रदर्शित करने के लिए इनडोर व आउटडोर प्रोजेक्शन रहेगा। सैनिकों के योगदान को दिखाने के लिए किनेटिक मॉडल रहेगा। रक्षा मंत्रालय से प्राप्त युद्ध उपकरण, ट्रॉफी और वास्तविक हथियारों की प्रदर्शनी दिखाई जाएगी।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल का कहना है कि नगर निगम विकास कार्यों के माध्यम से महानगर को आधुनिक, समावेशी और हरित बुनियादी ढांचे के साथ सुसज्जित कर रहा है। अब मुरादाबाद की पहचान केवल पीतल नगरी के रूप में ही नहीं पर्यटन के क्षेत्र में होगी।

संविधान साहित्य उपवन में यह मिलेगी सुविधा
संविधान साहित्य उपवन लगभग 2 एकड़ क्षेत्रफल में 10 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है। यह कार्य इस साल अप्रैल में ही पूरा हो जाएगा। इसमें भारतीय संविधान निर्माण प्रक्रिया, प्रमुख मील के पत्थरों और संविधान की प्रमुख सामग्री (जैसे प्रस्तावना) को डिजिटल और स्थिर म्यूरल के माध्यम से जागरूकता की जाएगी। लेज़र प्रोजेक्शन शो का प्रदर्शन किया जाएगा। भारतीय साहित्यकारों और उनके योगदान पर आधारित म्यूरल, बुक कैफेटेरिया और साहित्य मंच (ओपन एयर थिएटर) बनेगा।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद: 200 से अधिक लोगों में फूड प्वॉइजन, लगन की दावत में गाजर का हलवा खाने से बिगड़ी तबीयत

 

संबंधित समाचार