मुरादाबाद : कुष्ठ रोगी व उनके परिवार से न करें घृणा, दें सहयोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंडी मझोला में फल मंडी एसोसिएशन के सहयोग से कुष्ठ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मझोला स्थित फल मंडी में कुष्ठ रोग के बारे में लोगों को जानकारी देते जिला कुष्ठ परामर्शदाता डा. भास्कर अग्रवाल

मुरादाबाद,अमृत विचार। स्पर्श कुष्ठ जागरूकता कार्यक्रम व कुष्ठ पखवाड़े के क्रम में मंगलवार को फल मंडी मझोला में फल मंडी एसोसिएशन के सहयोग से कुष्ठ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें फल मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद जिकरान ने कहा कुष्ठ रोग से बचाव व इलाज के लिए जानकारी व जागरूकता आवश्यक है। अगर समाज इस रोग के लिए जागरूक हो जाएगा तो सही समय पर रोगियों को खोजकर उनका इलाज कराया जा सकेगा और उन्हें विकलांगता से बचा पाएंगे। 

जिला कुष्ठ परामर्शदाता डॉक्टर भास्कर अग्रवाल ने कहा कुष्ठ रोगी और उसके परिवार से दूर भागने की आवश्यकता नहीं है बल्कि जरूरत इस बात की है कि आगे आकर ऐसे रोगी का समय रहते इलाज कराया जाए। सही समय पर इलाज मिलने से इस रोग को पूर्ण रूप से समाप्त किया जा सकता है। इलाज में देरी के कारण रोगी के शरीर में विकृतियां उत्पन्न होती हैं। जिसके कारण समाज में उसके प्रति भेदभाव उत्पन्न होता है। अतः समाज के प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह ऐसे रोगी का जल्दी से जल्दी इलाज कराने के लिए प्रेरित करें। साथ ही उसके घर परिवार के लोगों का भी बहिष्कार न करते हुए उनका सहयोग करें। 

अगर किसी को विकलांगता कुष्ठ रोग की वजह से हो भी गई है तो ऐसे व्यक्ति का निशुल्क ऑपरेशन सरकार की तरफ से उपलब्ध है। मंडी में उपस्थित फल विक्रेताओं पल्लेदारों एवं अन्य लोगों ने जिला कुष्ठ परामर्शदाता से रोग के संबंध में विभिन्न प्रश्नों को रखा जिसका उत्तर उन्हें विभिन्न चित्रों के माध्यम से दिया गया। इस अवसर पर पीएमडब्ल्यू रवि भारती एवं फल मंडी एसोसिएशन के सदस्य व अन्य फल विक्रेता आदि मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : सपा के माननीयों को आइना दिखाएंगे पंचायत चुनाव, जनता को मनाने में जुटे

 

संबंधित समाचार