लखीमपुर खीरी: शादी के बंट गए कार्ड, सोने की अंगूठी और बाइक के लिए दूल्हे ने तोड़ा रिश्ता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: बरीक्षा और गोद भराई की रस्म पूरी होने के बाद तिलक और शादी की तारीख तय हो गई। कन्या पक्ष ने निमंत्रण कार्ड भी छपवाकर रिश्तेदारों में बांट दिए। अब होने वाले दूल्हे पक्ष के लोग सोने की अंगूठी, चेन और अपाचे बाइक की मांग रखकर रिश्ता ठुकरा दिया। युवती के बाबा की तहरीर पर थाना सिंगाही पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
थाना सिंगाही क्षेत्र के एक गांव निवासी बुजुर्ग ने बताया कि उन्होंने अपनी पोती का रिश्ता इसी थाना क्षेत्र के गांव मटैहिया निवासी अजय कुमार के साथ तय की थी। रिश्ता तय करते समय दहेज की कोई बात नहीं हुई थी। दूल्हे पक्ष के लोग भी दहेज रहित विवाह करने पर राजी थे। बरीक्षा व गोद भराई की रस्म हो चुकी है, तब भी दहेज की कोई बात नहीं रखी गई। 6 मार्च को तिलक व 7 मार्च को शादी की तारीख तय हुई थी। कन्या पक्ष ने शादी की लगभग सभी तैयारियां भी पूरी कर लीं। निमंत्रण कार्ड भी छपवाकर बंटवा दिए हैं। 

युवती के बाबा ने बताया कि दूल्हा पक्ष अब शादी करने से मना कर रहा है। उसका कहना है कि दहेज दोगे, तभी शादी करेंगे। तिलक में सोने की चेन, अंगूठी व अपाचे बाइक देने की मांग पर अड़े हैं। 20 जनवरी को वह पोती की होने वाली ससुराल गया और काफी अनुनय विनय की, लेकिन वह लोग नहीं माने।

आरोप है कि होने वाले दूल्हे की मां, लड़के का बड़ा भाई चुन्ना व कहेर सिंह व बहन गोलहा देवी आक्रोशित हो उठी। कहा कि मेरे भाई को जहां से ज्यादा दहेज मिल रहा है वहाँ से शादी करेंगे। उन्होंने गांव के संभ्रांत व्यक्तियों व ग्राम प्रधान व रिश्तेदारों से कहलवाया फिर भी बात नहीं माने। उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। एसओ अजीत कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: बाइक सवार दो युवकों ने छात्रा के साथ की अश्लील हरकत, तलाश में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार