मुरादाबाद: उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ पर्व, मांगी दुआएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद अमृत विचार। पटना के हवीं पाटन देवी, रामगंगा के अइसन घाट, उतरले सूरज देव भइले अरघिया के जून…’ ‘पूजेली चरण तोहार हे छठी मइया’ आदि गीतों के जरिये छठी मैया के प्रति श्रद्धा व्यक्त करती महिलाएं, आस्था से सराबोर बच्चे बुजुर्ग, इंतजार सूर्योदय का। यह नजारा था शनिवार की सुबह रामगंगा घाटों, रेलवे कॉलोनी …

मुरादाबाद अमृत विचार। पटना के हवीं पाटन देवी, रामगंगा के अइसन घाट, उतरले सूरज देव भइले अरघिया के जून…’ ‘पूजेली चरण तोहार हे छठी मइया’ आदि गीतों के जरिये छठी मैया के प्रति श्रद्धा व्यक्त करती महिलाएं, आस्था से सराबोर बच्चे बुजुर्ग, इंतजार सूर्योदय का। यह नजारा था शनिवार की सुबह रामगंगा घाटों, रेलवे कॉलोनी स्थित मैदान में बनाये गए कृत्रिम तालाबों का। यहां सैकड़ों व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके साथ ही चार दिवसीय आस्था का महापर्व संपन्न हो गया। महिलाओं ने परिवार की सुख समृद्धि के लिए छठी मइया से कामना की।

छठ महापर्व के अंतिम दिन भगवान भास्कर और छठी मइया की उपासना के लिए रामगंगा तट, बुद्धि विहार, रामगंगा विहार, हरथला, चट्टापुल, रेलवे कॉलोनी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कोई दंडवत करते तो कोई सिर पर प्रसाद की टोकरी रखे नंगे पैर अर्घ्य देने पहुंचा। विधिविधान से छठी मइया की पूजा की। कृत्रिम तालाब में डुबकी लगाई और उदयमान (उगते हुए) सूर्य को अर्घ्य दिया। व्रती महिलाएं तड़के चार बजे से ही पहुंचने लगीं।

इनके साथ बच्चे और परिवार के बाकी लोग भी थे। इन्होंने पूजन में सहयोग किया। जल की गोद में खड़ी, मांग से लेकर पूरी नाक तक सिंदूर लगाए महिलाओं के चेहरे से तेज झलक रहा था। भीगे वस्त्र में और हाथों में फल पकवानों से लदी टोकरी के साथ व्रतियों ने सूर्य देव की आराधना की। अंत में सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाओं ने पुत्र की प्राप्ति, पति की दीर्घायु, रोगों से मुक्ति और परिवार में सुख शांति की कामना की। प्रसाद के रूप में व्रती महिलाओं ने ठेकुआ, फलों में केला, नारियल, पपीता, सेब, अनार, सिंघाड़ा, संतरा, नीबू, सब्जियों में अदरक, कद्दू, मूली आदि के साथ पान, सुपारी, मेवा, गाय के दूध से अर्घ्यदान दिया।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज