UP Police: यूपी पुलिस भर्ती दौड़ परीक्षा में 8 महिला अभ्यर्थी बेहोश, 4 के टूटे पैर
दौड़ में असफल रही 188 महिला अभ्यर्थी, आंखों में आंसू लेकर ग्राउंड से बाहर आईं
मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर भर्ती होने के लिए 9वीं वाहिनी पीएसी के मैदान में पहुंचीं 8 महिला अभ्यर्थी दौड़ परीक्षा के दौरान बेहोश हो गईं और चार की टांग टूट गई। जिससे उनका पुलिस में भर्ती होने का सपना टूट गया। चारों महिला अभ्यर्थियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि बेहोश हुईं आठ लड़कियों का मैदान में उपचार किया गया। दौड़ पूरी नहीं करने वाली 188 लड़कियां मैदान से बाहर आंखों में आंसू लेकर निकलीं।

पुलिस भर्ती दौड़ परीक्षा में बुधवार को 1050 महिला अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। जिसमें सिर्फ 984 पहुंची। जबकि 188 महिला अभ्यर्थी दौड़ पूरी नहीं कर पाईं। सुबह से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में दौड़ प्रक्रिया शुरू हुई। पहले राउंड की दौड़ में एक अभ्यर्थी के पैर में दौड़ते समय फ्रैक्चर हो गया। वह जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया।

इतना ही नहीं इसके बाद सोनिया और साक्षी समेत तीन महिला अभ्यर्थियों के पैर में फ्रैक्चर हुआ, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दौड़ते समय आठ महिला अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर पड़ीं। जिनका मैदान ही उपचार किया गया। जिसके तहत कुल 188 महिला अभ्यर्थी दौड़ पूरी नहीं कर पाई। जो अब भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गईं। जबकि 66 महिला अभ्यर्थी उपस्थित नहीं हुई। जिन्हें बाद में एक और मौका दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Lucknow accident : बाइक फिसलने से सड़क पर गिरा मजदूर, मौत
