लखीमपुर खीरी: मालिक की जगह लगाया अपना फोटो, फर्जीवाड़ा करके युवक ने बेची दो बीघा जमीन
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना खीरी के गांव मदारपुर निवासी रामसागर वर्मा ने गांव के ही कपिल वर्मा पर धोखाधड़ी कर उसकी दो बीघा जमीन बिक्री करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी ने अपना फोटो लगाकर उसकी दो बीघा जमीन बेच दी। पुलिस ने विक्रेता और खरीदार के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
रामसागर वर्मा ने बताया कि उसने अपनी भूमि पर कर्ज लेने के लिए उसने अपनी जमीन के अभिलेखों का मुआयना कराया तो उसे जानकारी हुई कि उसकी गाटा संख्या 245 की दो बीघा जमीन उसके नाम से बिक्री की गई है। इसकी जानकारी होने पर उनके होश उड़ गए। उन्होंने अपने वकील के जरिए बिक्री के कागजात निकलवाए। जिसमें उसके गांव के ही कपिल वर्मा का फोटो विक्रेता की जगह लगा था और उसके हस्ताक्षर है। भूमि क्रेता के स्थान पर बाबूराम मौर्या निवासी मोहल्ला हाथीपुर कोतवाली सदर फोटो और हस्ताक्षर भी है। एक एग्रीमेंट रजिस्ट्रर्ड हैं, जो कपिल वर्मा और बाबूराम मौर्या के मध्य 29 अक्टूबर16 को एक लाख रुपये लेन देन करके हुआ है। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी भूमि बाबूराम मौर्या को एग्रीमेंट नहीं किया है।
कपिल वर्मा ने उसकी भूमि बेचने का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट बाबूराम मौर्या के नाम करके एक लाख रुपये प्राप्त किए हैं। फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं। प्रभारी निरीक्षक हेमंत राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी कपिल वर्मा और बाबूराम मौर्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
