बोलेरो की टक्कर से बालिका की मौत, चालक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार: ग्राम टांडा क्षेत्र में रामनगर-काशीपुर मार्ग पर गुरुवार की दोपहर एक बोलेरो ने 12 वर्षीय बालिका को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया, जिसे कुछ दूरी पर पीरूमदारा पुलिस ने पकड़ लिया। इस घटना के बाद बालिका के परिजनों में कोहराम मच गया।


 ग्राम टांडा निवासी त्रिलोक की 12 वर्षीय पुत्री साक्षी जो कक्षा पांच की छात्रा थी, गुरुवार की दोपहर अपने दादा भवानी राम और दादी जयंती देवी के साथ दवाई लेने के लिए पीरूमदारा जाने को टांडा चौराहे पर टेंपो का इंतजार कर रही थी। इसी बीच रामनगर से काशीपुर की ओर जा रही बोलेरो के चालक ने साक्षी को टक्कर मार दी। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल साक्षी को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इधर, घटना के बाद आरोपी बोलेरो चालक वाहन सहित फरार हो गया। जिसे पीरूमदारा चौकी पुलिस ने कुछ दूरी पर पकड़ लिया। कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। बताया कि मृतका के पांच भाई-बहन हैं, वह दूसरे नंबर की थी। मृतका की माता लक्ष्मी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

संबंधित समाचार