राष्ट्रीय खेल ड्यूटी में लगे आईआरबी जवान को शराबियों ने धुना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार : कभी ऑपरेशन रोमियो तो पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय खेलों के नाम पर शहर में पुलिस की ताबड़तोड़ चेकिंग उस वक्त धरी की धरी गई जबकि कुछ शराबियों ने एक आईआरबी जवान को बुरी तरह पीट डाला। गृहमंत्री अमित शाह के आगमन को देखते हुए आईआरबी जवान की ड्यूटी लगाई थी। शराबियों ने आईआरबी जवान की लाठी छीन कर उसी पर लाठी से हमला किया। मुखानी पुलिस ने आईआरबी जवान की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। 


पुलिस को दी तहरीर में आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव रामनगर के जवान अनिल सिंह ने लिखा है कि उनकी ड्यूटी मंगलपड़ाव चौकी क्षेत्र में है। 11 फरवरी की रात करीब साढ़े 10 बजे वह डयूटी के लिए जा रहे थे। रास्ते में कुछ लड़के शगुन बैंकट हॉल के पास रास्ते में खड़े थे, जो नशे में लग रहे थे। आरोपियों ने अनिल को देखते ही रोक लिया और अभद्रता शुरू कर दी। आरोपी गाली-गलौज और हाथापाई करने लगे। इसी बीच एक लड़के ने अनिल की गाड़ी में लगा डंडा निकाल कर अनिल पर हमला कर दिया। पहला हमला उसके सिर पर किया। हेलमेट की वजह से अनिल का सिर तो बच गया, लेकिन हेलमेट टूट गया। अनिल ने बचने के लिए हाथ आगे बढ़ाया, जिससे उनका हाथ जख्मी हो गया।

आरोपियों ने अनिल को लात-घूंसों से भी पीटा। अनिल को घायल कर आरोपी जान की धमकी देते हुए फरार हो गए। जिसके बाद अनिल ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। कुछ ही देर में मुखानी पुलिस मौके पर पहुंच गई। अनिल का कहना है कि आरोपियों में कुछ लड़के एक को उक्कू ठाकुर कहकर पुकार रहे थे। मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी के जरिये आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। 

संबंधित समाचार