Bareilly: शिकायत करने गए युवक को ही पुलिस ने हिरासत में लिया, विधायक ने समर्थकों के साथ घेरा थाना
शिकायत करने गए युवक को पुलिस ने ले लिया था हिरासत में, सिफारिश के बाद भी नहीं छोड़ा तो गुस्साए
फरीदपुर, अमृत विचार : विरोधियों के खिलाफ बंधक बनाकर तमंचे के जोर पर दो लाख रुपये की मांग करने की शिकायत करने गए युवक को ही पुलिस ने हवालात के अंदर कर दिया। भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी की सिफारिश के बावजूद उसे नहीं छोड़ा तो वह देर रात आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह और तमाम समर्थकों के साथ खुद थाने पहुंच गए और थाना घेर लिया। इसके बाद सीओ ने युवक को रिहा कराकर मामला शांत किया।
गांव हुलासपुर के मजरा गोविंदपुर में रहने वाली गुड्डी देवी के मुताबिक बुधवार शाम करीब पांच बजे उनका बेटा सोनू खेत पर गया था, जहां बाइक से पहुंचे गांव के ही अमरजीत और अनिल ने दो और साथियों के साथ उनके बेटे को पकड़कर गांव गोविंदपुर ले गए। गुड्डी के अनुसार उनकी दोनों से रंजिश चल रही है। उन्होंने अनिल के खिलाफ थाना फरीदपुर में 10 नवंबर 2024 को छेड़खानी का मुकदमा भी दर्ज कराया था। अनिल की बाइक को गांव वालों ने तोड़ दिया था। गुड्डी देवी के अनुसार अमरजीत और उसके साथी बाइक की एवज में ही उनसे दो लाख रुपये मांग रहे हैं। रकम न देने पर अंजाम भुगतने की भी धमकी दे चुके हैं।
गुड्डी का आरोप है कि आरोपी उनके बेटे को बुधवार को पकड़ ले गए थे। वह उनके चंगुल से दो घंटे बाद छूट पाया। घर लौटकर उसने बताया कि अमरजीत ने उसके सिर पर तमंचा रखकर दो लाख की मांग की थी। गुड्डी देवी ने यूपी 112 को फोन पर सूचना दी। गुड्डी का आरोप है कि पुलिस के कहने पर वह बेटे के साथ तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचीं, जहां इंस्पेक्टर ने उनके बेटे को ही हवालात में डाल दिया।
काफी खुशामद के बाद भी उसे नहीं छोड़ा तो उन्होंने विधायक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। विधायक प्रो. श्याम बिहारी की सिफारिश भी इंस्पेक्टर ने अनसुनी कर दी। इस पर देर रात विधायक भाजपा जिलाध्यक्ष के साथ कोतवाली पहुंच गए और समर्थकों के साथ थाना घेर लिया। हालांकि कुछ ही देर बाद सीओ आशुतोष शिवम पहुंच गए उन्होंने गुड्डी देवी के बेटे को रिहा कराकर मामला शांत कराया।
थाने में आने को घेराव नहीं कहेंगे। एक व्यक्ति की सिफारिश के लिए आए थे जो कल से पुलिस को झूठी सूचना दे रहा था। अपराधी नहीं था, इसलिए छोड़ भी दिया उसे- हरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर फरीदपुर।
यह भी पढ़ें- Bareilly: वैलेंटाइन वीक में क्यों टूटे दिल! जिन लोगों ने की लव मैरिज, वही मांग रह तलाक
