Bahraich accident: बहराइच में रफ्तार का कहर: एक बुजुर्ग की मौत, दो घायल
विशेश्वरगंज/बहराइच, अमृत विचार। यूपी के बहराइच जिले में अलग अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं पिकअप की टक्कर से सिपाही के कार को भी नुकसान हुआ है।
श्रावस्ती जिले के बैरागीपुरवा गांव निवासी बच्छराज (55) को गुरुवार रात में स्वराजपुर गांव के निकट अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। वृद्ध को संयुक्त जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में देर रात को इलाज के दौरान वृद्ध ग्रामीण की मौत हो गई।

अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के गोंडा बहराइच मार्ग पर पिकअप वाहन संख्या यूपी 43 बीटी 3058 का अचानक पिछला पहिया फट गया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोल से जा टकराई।
टक्कर में पास में खड़ी सिपाही राम प्रताप की कार यूपी 51 वाई 9159 भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद वाहन कुछ दूर जाकर पलट गया। हादसे में ननकू यादव (30) और अंतराम यादव को चोट आई हैं। जबकि चालक प्रदुम्न कुमार दुबे बाल बाल बच गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
