कासगंज: पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, दो दोस्तों की मौत
कासगंज, अमृत विचार: पटियाली के गांव रामनगर स्थित ननिहाल से लौट कर आ रहे दो बाइक सवार दोस्तों को सहावर थाना क्षेत्र के गांव पिथनपुर पर तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने टक्कर मार दी। पुलिस ने दोनों घायल बाइक सवारों को कासगंज जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। दूसरे को गंभीर हालत में अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सिकंद्रराऊ थाना क्षेत्र के गांव माड़ी निवासी 22 वर्षीय विकास पुत्र बृजवासी अपने दोस्त चंद्रशेखर पुत्र राजपाल के साथ गांव पटियाली के गांव रामनगर में ननिहाल घूमने के लिए आए थे। गुरुवार की शाम को दोनों बाइक से गांव वापस हो रहे थे, इसी बीच गांव पिथनपुर के समीप सहावर की ओर से आ रही तेज रफ्तार मैक्स पिकअप लोडर वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची सहावर थाना पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां विकास को चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि चंद्रशेखर को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है जहां चंद्रशेखर की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की खबर सुनकर मां सावित्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने बताया कि चालक मौके से फरार है। मृतक के परिजनों द्वारा अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पिकअप पुलिस के कब्जे में है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एक साथ प्राइवेट कंपनी में करते थे काम
परिजनों ने बताया कि दोनों दोस्त एक साथ अहमदाबाद में प्राइवेट कंपनी में नौकरी किया करते थे। अहमदाबाद से बुधवार को गांव आए थे। बाद में विकास अपने दोस्त चंद्रशेखर को लेकर ननिहाल आ गया। लौटते समय हादसे में दोनों की जान चली गई। घटना को लेकर दोनों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें- Valentine's Day: प्यार पर रहा पहरा फिर भी मोहब्बत का रंग हुआ गहरा, कासगंज में बजरंग दल ने किया विरोध
