कासगंज : चीनी, मिट्टी का तेल बंद कर, गल्ले से गुजारा करा रही सरकार- विक्रम यादव
पटियाली और अमांपुर विधान सभा क्षेत्र के आधा दर्जन गांव में हुई पीडीए चर्चा
कासगंज, अमृत विचार। समाजवादी चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रोहित यादव के नेतृत्व में पटियाली विधान सभा क्षेत्र के गांव लधोली, दमपुरा, लखापुर में पीडीए चर्चा कार्यक्रम हुआ। वहीं, यूथ ब्रिगेड और युवजन सभा के नेतृत्व में अमांपुर विधान सभा के गांव परतापुर और याकूतगंज में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सपा नेताओं ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। बैठक में मुख्य अतिथि पटियाली विधानसभा की विधायिका नादिरा सुल्तान, समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह यादव एवं समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव विनय कुशवाहा मौजूद रहे।
पीडीए चर्चा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने मिट्टी का तेल बंद कर दिया, चीनी बंद कर दी। आज जनता को राशन नहीं मिल रहा है, सरकार केवल गल्ला दे रही है। 70 साल में जो महंगाई नहीं हुई, वह मात्र 10 सालों में रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। चिकित्सा प्रणाली इतनी महंगी हो गई है कि आम जनता अपना इलाज नहीं कर पा रही है। जनता पूरी तरह से त्रस्त है और सरकार से पूरी तरह ऊब चुकी है। इस बार 2027 में सपा की सरकार बनाने का दावा कर रही है।
जिला महासचिव विनय कुशवाहा ने कहा कि इस लोकतांत्रिक व्यवस्था वाले देश में सर्व समाज का हक बाबा भीमराव अंबेडकर साहब ने दिया था। उन्होंने सभी जातियों को समान अधिकार दिया था, लेकिन भाजपा सरकार में पीडीए समाज को नौकरियों में समान अधिकार नहीं मिल रहा है। पीडीए को शिक्षा, व्यवसाय और रोजगार के माध्यम से उनके हक से वंचित किया जा रहा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रांजल यादव ने कहा कि इस सरकार में किसान काफी परेशान हैं। उन्हें फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रोहित यादव ने कहा कि लोगों को शिक्षा से वंचित करने के लिए शिक्षा को लगातार महंगा किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, और इस दिशा में कोई ठोस कार्य नहीं हो रहा है।
सपा के जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि आज भाजपा सरकार गरीबों, अल्पसंख्यकों, पिछड़ों और दलितों के साथ अत्याचार कर रही है। उन्हें लूटा जा रहा है और कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार आएगी तो सभी को पेंशन, शिक्षा, पढ़ाई और दवा मुफ्त मिलेगी। बैठक का संचालन विधानसभा अध्यक्ष मुनेद्र शाक्य ने किया। इस अवसर पर नावेद पठान, रवि यादव, पुष्पेंद्र यादव, कुलदीप ठाकुर, रोहित यादव, जोगेश यादव, अखिलेश यादव (परतापुर), गुरदीप यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - कासगंज: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, इलाज के दौरान मौत
