AAP के तीन पार्षद BJP में शामिल, महापौर चुनाव में पार्टी के जीतने की संभावना बढ़ी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के तीन पार्षद शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए, जिससे दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आगामी महापौर चुनाव में पार्टी की जीत की संभावना बढ़ गई है।

पार्षदों का स्वागत करते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में सही समय पर केंद्र, विधानसभा और नगर निगम स्तर पर ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार होगी, जो इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने की राजधानी के रूप में विकसित करेगी। इन तीन पार्षदों में अनीता बसोया (एंड्रयूज गंज), निखिल चपराना (हरि नगर) और धर्मवीर (आर के पुरम) शामिल हैं। 

सचदेवा ने कहा कि ये पार्षद दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लिए भाजपा में शामिल हुए हैं। विधानसभा चुनावों में हाल में मिली शानदार जीत के बाद, भाजपा महापौर का पद हासिल करके दिल्ली में ‘‘ट्रिपल इंजन सरकार’’ की उम्मीद कर रही है। 

भाजपा ने दिल्ली विधानसभा की 70 सीट में से 48 पर जीत हासिल करके आप को सत्ता से बाहर कर दिया। महापौर का चुनाव अप्रैल में होना है। नवंबर 2024 में हुए पिछले महापौर चुनाव में आप ने तीन मतों से जीत हासिल की थी। पार्षदों के अलावा, दिल्ली के सात लोकसभा सदस्य (सभी भाजपा के), तीन राज्यसभा सदस्य (सभी आप के) और 14 मनोनीत विधायक दिल्ली नगर निगम के महापौर और उप महापौर के लिए होने वाले चुनाव में मतदाता हैं। तीन पार्षदों के शामिल होने के साथ ही भाजपा के पार्षदों की संख्या अब आप के पार्षदों से अधिक हो गई है। 

भाजपा नेताओं ने बताया कि भाजपा अपने 10 विधायकों को एमसीडी में मनोनीत करने जा रही है, जबकि आप के चार विधायक निगम के लिए मनोनीत होंगे। पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के आठ और आप के तीन पार्षद जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। साल 2022 के एमसीडी चुनाव में आप ने 134 वार्ड में जीत हासिल की थी, भाजपा ने 104, कांग्रेस ने नौ और निर्दलीयों ने तीन वार्ड में जीत दर्ज की थी। 

ये भी पढ़ें- इस राज्य में भाजपा का सभी 10 नगर निगमों के मेयर पद पर कब्जा, कांग्रेस का सूपड़ा साफ 

संबंधित समाचार