सुलतानपुर: कुंभ मेला से लौट रही तीर्थयात्रियों की कार खड्ढ में गिरी, पांच घायल
धनपतगंज/सुलतानपुर, अमृत विचार। कुंभ मेला से लौट रही तीर्थ यात्रियों से भरी कार थाना क्षेत्र के मांयग रोड पर मझवारा के पास असंतुलित होकर सड़क के किनारे खड्ढ में गिर गयी। इसमें पांच लोग चोटिल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल व्यक्तियों को सीएचसी धनपतगंज पहुंचाया।
सोमवार को थाना क्षेत्र के मझवारा गांव के निकट डायवर्जन रोड कटका मायंग से होकर बस्ती के लिए जा रही कार के चालक को नींद आ गई और गाड़ी सड़क के किनारे खड्ढ में गिर गई। इसमें राम सुमिरन, खुशी, सावित्री देवी, प्रवेश यादव और अमरनाथ को गंभीर चोटें आईं।
घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल व्यक्तियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनपतगंज पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज कर रहे सीएचसी प्रभारी डॉ. अरुणेश ने बताया कि सभी का इलाज किया गया और वे अब खतरे से बाहर हैं।
गाड़ी में सवार सभी लोग बस्ती जनपद के परसरामपुर के निवासी थे और कुंभ मेला से लौट रहे थे। प्रयागराज अयोध्या हाईवे पर जाम होने के कारण वे कटका बाजार से मांयग डायवर्जन रोड से गुजर रहे थे और मझवारा गांव के निकट यह दुर्घटना हुई।
यह भी पढ़ें:-Azamgarh accident: आजमगढ़ में डिवाइडर से टकराई कार, नेपाल निवासी पति-पत्नी समेत तीन की मौत, चार घायल
