अमेठीः फौजी पति ने पत्नी की ले ली जान! पिता ने लगाए ये गंभीर आरोप
अमेठी, अमृत विचार। जायस थाना क्षेत्र के मोहना ग्राम पंचायत के लालगंज गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय सिवानी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। इस दौरान मृतका के पिता नाथूलाल वर्मा ने अपनी बेटी के पति सर्वजीत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सर्वजीत ने ही सिवानी को जलाकर मार डाला।
लव मैरिज के बाद ससुराल में रह रही थी शिवानी
जानकारी के अनुसार, शिवानी मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली थी। उसने कुछ साल पहले गाजीपुर निवासी सर्वजीत के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद शिवानी और सर्वजीत लालगंज गांव में रहने लगे थे। दिलचस्प बात यह है कि शिवानी के भाई कपिल की ससुराल भी इसी गांव में है। शादी के बाद सर्वजीत ने यहां जमीन खरीदकर अपना मकान बना लिया था, जहां वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ रह रहा था।
फौजी है आरोपी पति, छुट्टी पर आया था घर
सर्वजीत भारतीय सेना में तैनात है और वर्तमान में बी.एस.एफ. (BSF) में नौकरी करता है। वह कुछ दिनों पहले ही छुट्टी पर अपने गांव आया था। इस बीच रविवार और सोमवार की रात यह घटना घटित हो गई।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के पिता नाथूलाल वर्मा का आरोप है कि उनकी बेटी को जलाकर मारा गया है। उन्होंने दामाद सर्वजीत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी एंगल से पड़ताल होगी।
इस घटना के बाद शिवानी और सर्वजीत का मात्र साढ़े तीन साल के बेटा के सिर से मां का साया उठ गया, जबकि पिता पर गंभीर आरोप लगे हैं। गांव में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की कार्यवाही की जा रही है।
गांव में फैली सनसनी
एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है। लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि अगर पति पर लगे आरोप सही पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
