केंद्रीय गृह मंत्री का बेटा बन विधायक अरोरा से मांगे तीन करोड़
रुद्रपुर, अमृत विचार : हैलो विधायक जी, मैं केंद्रीय गृह मंत्री का बेटा जय शाह बोल रहा हूं। आपका नाम मंत्री पद की सूची में आया है। पापा ने बोला है कि विधायक जी से तीन करोड़ रुपये पार्टी फंड मांगा जाए। यह कॉल कोई वास्तविक नहीं, बल्कि साइबर अपराधियों का नया फंडा है। अपराधियों ने विधायक शिव अरोरा को कॉल कर जाल में फंसाने की साजिश रची। पुलिस ने विधायक के सहयोगी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय विधायक के सहयोगी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि 13 फरवरी की दोपहर को काशीपुर जाते वक्त विधायक शिव अरोरा के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री का बेटा जय शाह बताते हुए विधायक का नाम मंत्री की सूची में आने पर बधाई दी और केंद्रीय गृह मंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष का नाम लेकर पार्टी फंड के नाम पर तीन करोड़ रुपये का सहयोग मांगा।
जब विधायक को संदेह हुआ तो कॉलर ने फोन काट दिया। इसके बाद विधायक शिव अरोरा के कहने पर सहयोगी अभिषेक मिश्रा ने साइबर ठगी के प्रयास की तहरीर कोतवाली पुलिस को सौंपी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
