कानपुर में युवक ने जहरीला पदार्थ निगला...मौत: परिजन बोले- सूदखोर से परेशान होकर उठाया कदम
कानपुर, अमृत विचार। नजीराबाद थानाक्षेत्र में रहने वाले युवक ने सूदखोर की धमकियों से तंग आकर जहर खा लिया। घर से काम पर निकला युवक किदवई नगर में नाले किनारे पड़ा मिला। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने उसे आनन-फानन अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अशोक नगर निवासी 35 वर्षीय नीरज राजपूत पेटिंग का काम करता था। परिवार में पत्नी रजनी राजपूत, बेटा अनिकेत और बेटी अंशिका राजपूत है। उसके छोटे भाई आशीष ने बताया कि तकरीबन 15 साल पहले उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। कभी काम अच्छा चलता था तो कभी मिलता ही नहीं था।
उसने बताया कि अभी कुछ समय पहले नीरज ने क्षेत्र के एक सूदखोर से 30 हजार रुपये ब्याज पर रुपये लिए थे। जिसके बाद वह महीने के हिसाब से उसे रुपये देता था। लेकिन इधर काम कम मिलने से रुपये देने की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। इस कारण सूदखोर लगातार फोन पर और घर आकर उसे धमका रहा था।
इस कारण वह काफी अवसाद में चल रहा था। बताया कि सोमवार को वह कहीं पर काम करने गया था। जहां उसने जहर खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह नाले किनारे पड़ा मिला। इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसे पड़ा देख आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी देकर हैलट अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है, कि मौत से पहले वह किसी मुकेश का नाम ले रहा था।
पत्नी के अनुसार अंतिम संस्कार के बाद सूदखोर के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। पुलिस घटना की जांच कर रही है। इस संबंध में नजीराबाद थाना प्रभारी के अनुसार युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी है। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है।
