मुरादाबाद: छह साल बाद जेल गया पिता, सौतेली बेटी से किया था दुष्कर्म
मुरादाबाद, अमृत विचार: अपनी सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को नागफनी थाना पुलिस ने छह साल बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि थाना नागफनी में साल 2019 में दुष्कर्म, मारपीट और पाक्सो एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जिसमें बताया गया था कि आरोपी ने अपनी ही 14 वर्षीय सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करता था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार हो गया था। इस मामले में कोर्ट के आदेश से आरोपी के घर की कुर्की भी की जा चुकी है।
पुलिस उसके खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल कर दी। इसके बावजूद आरोपी न तो कोर्ट में सरेंडर किया और न ही पुलिस के सामने आया। कोर्ट ने उसे फरार घोषित करके स्थाई रूप से गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था। एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस कई साल से उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी।
थाना नागफनी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने चार्ज संभालने के बाद से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाना शुरू कर दिया था। सर्विलांस सेल और अन्य माध्यमों से प्रभारी निरीक्षक और उनकी टीम ने आरोपी के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की तो कुछ सुराग हाथ लगे। जिसके बाद सोमवार को पुलिस टीम ने हरियाणा के फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी किराये के मकान में रहकर फैक्ट्री में काम करके जीवन यापन कर रहा था।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: देखें वीडियो...सड़क को बना दिया जंग का मैदान, बाइक टकराने का था विवाद!
