पीलीभीत: अध्यक्ष से अभद्रता के बाद गुस्साए वकील, रजिस्ट्री कार्यालय में किया एडीएम का घेराव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूरनपुर, अमृत विचार। उपनिबंधक कार्यालय में निरीक्षण करने पहुंची एडीएम ऋतु पूनिया पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष से अभद्रता का आरोप लगा। कुछ ही देर में इसे लेकर अधिवक्ता जमा हुए और उपनिबंधक कार्यालय पहुंचकर एडीएम का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। बमुश्किल मामला शांत हो सका।

बता दें कि मंगलवार को एडीएम वित्त एवं राजस्व ऋतु पूनिया नगर पालिका सभागार में हुए मॉडर्नाइजेशन कार्यक्रम में पहुंची। वहां कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह उपनिबंधक कार्यालय में निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अमिताभ मिश्र और महामंत्री संजय पांडे उपनिबंधक कार्यालय में वसीयत का काम करा रहे थे।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष से बाहर जाने को कहा। इस पर उन्होंने अपना परिचय दिया। आरोप है कि इसके बावजूद एडीएम ने निरीक्षण तक उनसे कार्यालय के बाहर रहने की बात कह दी। वहां मौजूद महामंत्री ने विरोध किया। कुछ ही देर में मामला तूल पकड़ गया। जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए उपनिबंधक कार्यालय पहुंच गए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम के साथ एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, तहसीलदार हबीबउर्ररहमान, नायब तहसीलदार ऋषिकांत दीक्षित आदि भी मौजूद थे। उपनिबंधक कार्यालय में हंगामा होने की जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस आ गई। अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी अधिवक्ता नहीं माने। एसडीएम और तहसीलदार भी अधिवक्ताओं को शांत कराने का प्रयास करते रहे। हालांकि बाद में बमुश्किल मामला शांत कराया जा सका। अधिवक्ता वापस चले गए।

अधिवक्ताओं ने किया बड़े आंदोलन का ऐलान
उपनिबंधक कार्यालय में मौजूद अधिवक्ता पहले एडीएम से साधारण तौर पर वार्ता करते रहे। इसके बावजूद एडीएम के तेवर नहीं बदले। इस पर भीड़ में मौजूद प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के महामंत्री संजय पांडे बेंच पर चढ़ गए और उन्होंने सभी के सामने बड़े स्तर पर आंदोलन करने की चेतावनी दे डाली। इसे लेकर भी खलबली मची रही।

अधिवक्ता नारे लगाते रहे। जिसको शांत कराया गया। एडीएम के निरीक्षण के दौरान उपनिबंधक कार्यालय में हुए हंगामे के चलते रजिस्ट्री आदि के काम बाधित रहे। क्रेता और विक्रेता भी मामला निपटाने तक रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर इंतजार करते रहे। साढ़े चार बजे मामला निपटा। हालांकि अधिकांश काम से आए लोग जा चुके थे।

मैं और अन्य अधिवक्ता साथी अपने काम से रजिस्ट्री कार्यालय गए थे। एडीएम सभी अधिवक्ताओं को बाहर करने लगीं थी। परिचय देने के बाद भी उन्होंने अभद्रता की। इसके बाद मामला बढ़ गया। फिलहाल मामला शांत हो गया है- अमिताभ मिश्र, अध्यक्ष प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: विदेश भेजने के नाम पर ठगे 2.66 लाख, आइलेटस सेंटर संचालक की शिकायत

संबंधित समाचार