हल्द्वानीः पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश के आसार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार: दो दिनों तक राज्य में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा और साथ ही बारिश होने का भी अनुमान है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। राज्य में एक बार फिर से ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार राज्य में 19 और 20 फरवरी को बादल छाए रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। मैदान से लेकर पहाड़ी इलाकों में बारिश हो सकती है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों जैसे केदारनाथ, बद्रीनाथ, चोपता, गंगोत्री, नाभीडांग आदि इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

मौसम का मिजाज बदलने की वजह से एक बार फिर से ठंड बढ़ सकती है। अगर उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई तो अगले कुछ दिनों तक मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट आएगी। इधर मंगलवार को हल्द्वानी में सुबह से ही धूप खिली। दोपहर बाद हल्के बादल छा गए। दिन में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा है तो वहीं न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा। विगत कुछ दिनों से हल्द्वानी में एक समान मौसम बना हुआ है। मुक्तेश्वर में दिन के समय अपेक्षाकृत काफी चटख धूप निकल रही है। यहां अधितम तापमान 18.4 डिग्री तक पहुंच गया जो सामान्य से 5.6 डिग्री ज्यादा है। 

संबंधित समाचार