Delhi CM : दिल्ली की नई सीएम होंगी रेखा गुप्ता, विधायक दल की नेता चुनी गईं, कल लेंगी शपथ

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता होंगी। बीजेपी के विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर सहमति बनी है और उसके बाद उनके नाम का ऐलान कर दिया गया।

दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनावों में दो तिहाई बहुमत से भाजपा विजयी हुई है, बुधवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में हुई नवनिर्वाचित विधायक दल की बैठक में केन्द्रीय पर्यवेक्षक रविशंकर प्रसाद, ओमप्रकाश धनखड़ और चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा की मौजूदगी में रेखा गुप्ता को नेता चुना गया। वहीं, पार्टी ने दिल्ली में अभी कोई उपमुख्यमंत्री नहीं चुना है। रेखा गुप्ता कल रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण करेंगी। बता दें कि करीब 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता पर बीजेपी काबिज हुई है।

दिल्ली की शालीमार बाग सीट से रेखा गुप्ता विधायक हैं। मुख्यमंत्री की रेस में उनका नाम सबसे आगे चल रहा था। दिल्ली की मुख्यमंत्री चुनी गईं रेखा गुप्ता ने कहा है कि "मैं इस जिम्मेदारी के लिए हमारे केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सभी विधायकों को धन्यवाद देती हूं।"

पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी संजय मयूख ने बताया कि बैठक में प्रवेश वर्मा, विजयेन्द्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव किया जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। बैठक में कोई उपमुख्यमंत्री के रूप में नहीं चुना गया।

भाजपा विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। गुरुवार को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर उपराज्यपाल वीके सक्सेना, रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायेंगे। इसके बाद मंत्रिमंडल के सदस्यों को शपथ दिलायी जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में आयोजित किया जा रहा है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम का संचालन दिल्ली के मुख्य सचिव करेंगे। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।

दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी रेखा गुप्ता

दिल्ली में रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाने के पीछे की सबसे बड़ी वजह महिला चेहरा है। बता दें कि इससे पहले दिल्ली में तीन महिला मुख्यमंत्री बन चुकी हैं। रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने वाली चौथी महिला होंगी। इससे पहले साल 1998 में भाजपा ने सुषमा स्वराज को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनाया था। इसके अलावा दिल्ली की सीएम शीला दीक्षित रह चुकी हैं। वहीं, आप ने आतिशी को सीएम बनाया था।

यह भी पढ़ें: ICC Champions Trophy : हम चैंपियंस ट्रॉफी में किसी भी टीम को हरा सकते हैं...कप्तान Najmul Hossain Shanto का बयान

संबंधित समाचार