रामपुर: प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, पिता-पुत्र और जिला पंचायत सदस्य समेत चार पर FIR
ढकिया, अमृत विचार। ढकिया चौकी क्षेत्र के गांव रवाना पट्टी ऊदा गांव में गुरुवार सुबह युवक का शव आलू के खेत में मिलने के बाद सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र और जिपं सदस्य सहित 4 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मामला ढकिया चौकी क्षेत्र के गांव रवाना पट्ठी ऊदा से जुड़ा है। यहां कुंवरपाल का कहना है कि उसका छोटा भाई 20 वर्षीय यशपाल वेल्डिंग का काम करता था। वह बुधवार को किसी काम से साइकिल से ढकिया गया था। उसके बाद लौटकर वापस नहीं आया। परिजनों ने उसको तलाश किया लेकिन, उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह कुछ लोगों ने पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर आलू के खेत में युवक के शव को पड़ा देखा। इसके बाद मौके पर लोग एकत्र हो गए। जानकारी मिलने पर मृतक का भाई कुंवरपाल भी आ गया। उसके बाद मृतक के भाई कुंवरपाल ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस भी आ गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों से जानकारी ली। कुंवरपाल ने बताया कि आरोपी लाखन की बेटी को उसका भाई ले गया था। इस मामले में यशपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने किशोरी को परिजनों के हवाले कर दिया था और यशपाल जेल चला गया था। कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर आया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने किशोरी के पिता लाखन व उसके बेटे राजेश, जिपं सदस्य मनोज प्रधान और एक अन्य सहित 4 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में 4 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रंजिश को देखते हुए मृतक के भाई को सुरक्षा भी दी है।
जिपं सदस्य की गिरफ्तारी की उठाई मांग
यशपाल की हत्या की जानकारी मिलने के बाद परिजनों के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। जब पुलिस शव को पिकअप में रखने लगी, तो परिजन इनकार करने लगे और जिपं सदस्य की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इससे अफरातफरी का माहौल बना रहा। किसी तरह से लोगों ने महिलाओं को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। करीब 1 घंटे तक शव ऐसे ही पिकअप में रखा रहा।
एक माह पहले ही जेल से छूटकर आया था यशपाल
यशपाल के खिलाफ 14 अगस्त को अपहरण कर ले जाने की ढकिया चौकी में रिपोर्ट दर्ज हो गई थी। पुलिस ने उसको गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया था। एक माह पहले ही वह जमानत पर आया था।
दो भाइयों में सबसे छोटा था यशपाल
यशपाल दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। हालांकि उसकी शादी नहीं हुई थी। घटना स्थल पर उसकी साइकिल भी मिली। परिजनों ने पूरी रात यशपाल को तलाश किया था। लेकिन गुरुवार सुबह को उसका शव आलू के खेत में मिला था।
ये भी पढ़ें - Bareilly: बूंदाबांदी ने कराया ठंड का एहसास, फसलों को होगा फायदा
