दिल्ली सरकार में विभागों का बंटवारा, मुख्यमंत्री संभालेंगी वित्त विभाग, प्रवेश वर्मा को मिली PWD की जिम्मेदारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार की शाम मंत्रिपरिषद के सदस्यों को विभागों के आवंटन की घोषणा की और उन्होंने वित्त, सेवाएं, सतर्कता, राजस्व, महिला एवं बाल विकास विभाग अपने पास ही रखा है। मुख्यमंत्री के पास कुल 10 विभाग हैं, जो सभी मंत्रियों में सबसे अधिक हैं। उनके पास सामान्य प्रशासन विभाग, भूमि एवं भवन, सूचना एवं जनसंपर्क तथा प्रशासनिक सुधार विभाग भी है।

नई सरकार की कैबिनेट बैठक के बाद, बतौर मुख्यमंत्री अपने पहले संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि उनके कैबिनेट सहयोगी प्रवेश वर्मा को पीडब्ल्यूडी, जल, विधायी मामले, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण तथा गुरुद्वारा मामलों का भी प्रभार सौंपा गया है। वहीं, आशीष सूद को गृह, बिजली, शहरी विकास और शिक्षा विभाग मिले हैं। कपिल मिश्रा को कानून एवं न्याय, श्रम एवं रोजगार, कला, संस्कृति, भाषा एवं पर्यटन विभाग दिया गया है जबकि मनजिंदर सिंह सिरसा को उद्योग, वन एवं पर्यावरण तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का मंत्री बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंकज सिंह को स्वास्थ्य, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का प्रभार दिया गया है, जबकि रवींद्र इंद्राज को सामाजिक कल्याण, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति कल्याण, सहकारिता विभाग आवंटित किए गए हैं। सामान्य प्रशासनिक विभाग द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया कि दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने विभागों के आवंटन को मंजूरी दे दी है।

यह भी पढ़ें: Champions Trophy, IND vs BAN: भारत ने बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया, शुभमन गिल ने जड़ा शतक

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज