कानपुर में इस मामले में महापौर नाराज...बाबू को फटकार लगाते हुए हटाया: कुल इतने कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई...
कानपुर, अमृत विचार। जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने बड़ी कार्रवाई की। महापौर ने नगर निगम मुख्यालय में स्वास्थ्य विभाग की बैठक बुलाई तो तीन कर्मचारियों को स्थानांतरित करने का आदेश जारी कर दिया।
बैठक में सबसे ज्यादा शिकायतें जोन 6 जन्म मृत्यु विभाग के लिपिक सौरभ सिंह को लेकर आईं। जिस पर जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर आवेदकों से पैसा लेने का आरोप था। महापौर ने बैठक में अपर नगर आय़ुक्त प्रथम को निर्देश दिया कि लिपिक सौरभ सिंह को जोन 6 से तत्काल हटाकर गौशाला स्थानांतरित कर दिया जाए।
वहीं, महापौर ने स्वास्थ्य विभाग के कार्य में लगातार लापरवाही बरत रहे कर्मचारी बाबू आजाद एवं नासिर को भी हटाने के आदेश जारी किये। बैठक के दौरान महापौर ने बुधवार तक सभी जोनल अधिकारियों से जनवरी, फरवरी में जन्म और मृत्यु के कितने आवेदन हुए व उनका निस्तारण एवं पिछले एक महीने में एनओसी को लेकर पूरी जानकारी मांगी। महापौर ने हर अपर नगर आयुक्त को जोन में जन्म मृत्यु का लगातार निरीक्षण करने का आदेश दिया।
महापौर ने हर जोन में एक बोर्ड लगाने के निर्देश दिये। जिसमें जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र का शुल्क व निर्धारित समय सीमा की जानकारी देने को कहा गया। महापौर ने कहा कि इस बोर्ड में संबंधित जोनल अधिकारी और महापौर का मोबाइल नंबर भी अंकित होगा।
अगर कोई निर्धारित शुल्क से अधिक रूपये मांगेगा तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही महापौर ने कहा कि अगले महीने स्कूलों में एडमिशन शुरू होंगे ऐसे में जन्म प्रमाण पत्र एवं एनओसी बनवाने की प्रकिया तेज की जाए। जिससे अभिभावकों को नगर निगम के चक्कर ना काटने पड़े।
