Chitrakoot: कैबिनेट मंत्री आशीष सिंह पटेल के भाई को अनजान नंबर से मिली धमकी, रिपोर्ट दर्ज
चित्रकूट (रामनगर), अमृत विचार। ग्राम पंचायत लौरी की प्रधान पुष्पलता सिंह पटेल ने रैपुरा थाने में तहरीर देकर पति अरुण कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह को फोन पर धमकी देने की जानकारी दी है। पुलिस ने अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के जेठ व उप्र सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष सिंह पटेल के बड़े भाई अरुण कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह पर कुछ माह पहले हमला हुआ था। इसके बाद इनको पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई थी। जानकारी के अनुसार, इधर पुलिस सुरक्षा हटा दी गई थी। प्रधान पुष्पलता सिंह ने बताया कि वह 18 तारीख को पति अरुण के साथ कपसेठी में निमंत्रण में गई थीं।
तभी उनके मोबाइल पर किसी ने काल करके अपना दल के संस्थापक स्व. सोनेलाल पटेल के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। कैबिनेट मंत्री आशीष सिंह पटेल और उनके बड़े भाई अरुण कुमार सिंह को भविष्य में जान से मारने की धमकी दी। रैपुरा थानाध्यक्ष श्याम पटेल ने बताया कि अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।
