Raksha Bandhan 2026 : 28 अगस्त को ही बंधेगी राखी, 27 को भद्रा का साया; जानें शुभ समय और राखी बांधने का मंत्र

Amrit Vichar Network
On

श्रावण पूर्णिमा 27 अगस्त सुबह 9:08 बजे से शुरू, 28 अगस्त सुबह 9:48 बजे तक रहेगी

रक्षाबंधन 2026 का पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा। 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे से रात 9:32 बजे तक भद्रा रहेगी, इसलिए उस दिन राखी नहीं बांधी जाएगी। 28 अगस्त को अपराह्न काल में राखी बांधना श्रेष्ठ रहेगा, जबकि सुबह 10:31 से दोपहर 12:07 बजे तक राहुकाल में रक्षासूत्र बांधने से बचने की सलाह दी गई है।

लखनऊ, अमृत विचार। भाई-बहन के अटूट स्नेह और प्रेम का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार, 28 अगस्त को मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल के अनुसार रक्षाबंधन भद्रा रहित श्रावण शुक्ल पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस बार 27 अगस्त को भद्रा होने के कारण उस दिन राखी नहीं बांधी जाएगी। 28 अगस्त को भद्रा समाप्त हो चुकी होगी, इसलिए इसी दिन रक्षासूत्र बांधना शुभ रहेगा।

27 अगस्त को भद्रा का साया, नहीं बंधेगी राखी

ज्योतिषाचार्य के अनुसार पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे शुरू होगी और 28 अगस्त को सुबह 9:48 बजे तक रहेगी। पूर्णिमा शुरू होते ही 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे से भद्रा लग जाएगी, जो रात 9:32 बजे तक रहेगी। ऐसे में 27 अगस्त को रक्षाबंधन मनाना उचित नहीं माना गया है।

28 अगस्त को राखी बांधना शुभ

28 अगस्त को भद्रा समाप्त हो चुकी होगी। इस दिन चंद्रमा कुंभ राशि और शतभिषा नक्षत्र में रहेगा। हालांकि पूर्णिमा तिथि सुबह 9:48 बजे तक ही है, लेकिन अपनी कुल परंपरा के अनुसार पूरे दिन राखी बांधी जा सकती है। अपराह्न काल में रक्षासूत्र बांधना अधिक श्रेष्ठ माना गया है।

राहुकाल में राखी बांधने से बचें

28 अगस्त को राहुकाल सुबह 10:31 बजे से दोपहर 12:07 बजे तक रहेगा। ज्योतिषाचार्य ने इस अवधि में राखी बांधने से बचने की सलाह दी है। इसके बाद अपनी सुविधा और परंपरा के अनुसार भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा जा सकता है।

राखी बांधते समय करें इस मंत्र का जाप

रक्षासूत्र बांधते समय इस मंत्र का उच्चारण किया जाता है—

“ॐ येन बद्धो बली राजा दानवेन्द्रो महाबलः।
तेन त्वामपि बध्नामि रक्षे मा चल मा चल॥”

यह भी पढ़ें:-UP Politics : अखिलेश के ‘चवन्नी’ वाले तंज पर गरमाई यूपी की सियासत, केशव मौर्य बोले- जयंत से तुरंत माफी मांगें सपा प्रमुख

संबंधित समाचार