सेक्सोलॉजिस्ट की क्लीनिक पर छापा, लिए गए दवाओं के नमूने, आयुर्वेद की औषधियों में एलोपैथिक दवाओं के मिलावट की मिली थी शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। यौन शक्ति बढ़ाने के नाम पर आयुर्वेद में एलोपैथिक दवाओं और स्टेरॉयड की मिलावट होने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने शहर के डॉ. एसके जैन, पीके जैन सहित पांच सेक्सोलॉजिस्ट की क्लीनिक पर छापा मारा। टीम ने दवाओं के 10 नमूने परीक्षण के लिए संग्रहीत किए और उन्हें राजकीय प्रयोगशाला उप्र मेरठ भेज दिया है। परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एफएसडीए को आईजीआरएस के माध्यम से 18 फरवरी को शहर के पांच नामचीन सेक्सोलॉजिस्ट द्वारा घातक स्टेरॉयड व स्वनिर्मित आयुर्वेदिक औषधियों में एलोपैथिक दवाओं का प्रयोग कर विक्रय किए जाने के संबंध में शिकायत मिली थी। इसके बाद एफएसडीए में सहायक आयुक्त ब्रजेश कुमार के निर्देश पर औषधि निरीक्षक, लखनऊ संदेश मौर्य, नीलेश कुमार शर्मा, औषधि निरीक्षक सीतापुर अनीता कुरील, औषधि निरीक्षक हरदोई स्वागिता घोष, औषधि निरीक्षक उन्नाव अशोक कुमार, औषधि निरीक्षक रायबरेली शिवेन्द्र प्रताप सिंह की संयुक्त टीम ने हजरतगंज, एपीसेन रोड चारबाग स्थित डॉ. एसके जैन, डॉ. एके जैन, हुसैनगंज चौराहा, बांसमंडी स्थित डॉ. पीके जैन, हुसैनगंज चौराहा लालकुंआ रोड स्थित राणा डिस्पेन्सरी और चारबाग पानदरीबा स्थित डॉ. ताज क्लीनिक में छापेमारी कर दवाओं के 10 नमूने जांच के लिए एकत्र किए। सहायक आयुक्त ब्रजेश कुमार की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : CBI के डीएसपी और उनकी पत्नी की करोड़ों की सम्पत्ति कुर्क, ईडी ने की कार्रवाई

संबंधित समाचार