1 मार्च से सरस मेला, समूहों के उत्पाद होगें मुख्य आकर्षण
अमृत विचार, हल्द्वानी। आगामी 1 मार्च से 10 मार्च तक हल्द्वानी के एमबी इण्टर कॉलेज मैदान में 10 दिवसीय सरस आजीविका मेला आयोजित होने जा रहा है। इस मेले में देशभर के स्वंय सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो मुख्य आकर्षण होगी। मेले की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने मेले के आयोजन हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी वंदना ने कहा कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य स्वंय सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से उनकी बिक्री बढ़ाना है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें। उन्होंने स्टॉलों को आकर्षक बनाने और उत्पादों को बेहतरीन तरीके से प्रदर्शित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रदर्शनी को राष्ट्रीय स्तर की बनाई जाए और स्वंय सहायता समूहों को बेहतर बाजार मिले, ताकि वे अपने उत्पादों को बेच सकें। इसके अलावा, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का खास ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह जानकारी दी गई कि मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें 74 स्टॉल विभिन्न राज्यों से आए स्वंय सहायता समूहों के होंगे, 117 स्टॉल उत्तराखंड राज्य के समूहों के होंगे और 69 स्टॉल व्यवसायिक होंगे। इस मेले में क्षेत्रीय लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि आगंतुकों को स्थानीय संस्कृति की झलक मिल सके। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एपीडी चंदा फर्त्याल और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
