बरेली: महाशिवरात्रि को लेकर प्रशासन सतर्क, मंदिरों में सुरक्षा-यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
बरेली, अमृत विचार: महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार को शिव मंदिरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह, डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक सिरौली क्षेत्र के गुलड़िया मंदिर पहुंचे।
यहां के बाद डीएम और एसएसपी ने फरीदपुर क्षेत्र के पचौमी स्थित पंचमेश्वर महादेव मंदिर की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिस को मंदिर परिसर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतें, भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें, सीसीटीवी निगरानी और सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग करें।
मंदिर परिसर में टिन शेड लगवाएं
डीएम ने गुलड़िया गौरी शंकर मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में मेला कमेटी को निर्देश दिए हैं कि मेला परिसर में जो भी झूले आदि लगाए जाएं, सुरक्षा मानकों को विशेष ध्यान रखें। पूजा में जो भी चढ़ावा चढ़ता है, उसे उचित स्थान पर डिस्पोज कराएं। गर्मी के दृष्टिगत मंदिर परिसर में टिन शेड लगवाएं, जिससे बुजुर्ग व्यक्ति बैठ सकें। सीसीटीवी कैमरों से लगातार मॉनिटरिंग करें, उसकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें-बरेली: महिला की कार में मिली लाश, खेत में कराहता मिला सिपाही पति
