अमरोहा : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में तीन बच्चों का पिता बना दूल्हा, शादी की रस्में भी निभाई...पता चलने पर उड़े अधिकारियों के होश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गजरौला (अमरोहा) अमृत विचार। तीन बच्चों का पिता मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में युवती से शादी करने बैठ गया। उसने विवाह में सारी रस्में भी अदा कीं और अतिथियों का आशीर्वाद भी लिया। दूल्हे का पहले से ही शादीशुदा होने की खबर फैलने पर अधिकारियों ने तुरंत उसे मंडप से हटा दिया। इससे अधिकारियों में हड़कंप मचा है।

शनिवार को शिव इंटर कालेज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत 233 जोड़ों की शादी होनी थी। 33 जोड़े शादी के लिए यहां नहीं पहुंचे थे। जबकि 200 जोड़ों की शादी पारंपरिक रीति रिवाज से संपन्न कराई गई। इस बीच एक युवती का होने वाला दूल्हा शादी समारोह में नहीं पहुंचा तो युवती के परिजनों ने तीन बच्चों के पिता को ही अपनी बेटी के साथ शादी की औपचारिकता निभाने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद विधि विधान संग दोनों की शादी से जुड़ीं सभी रस्में भी पूरी करा दी गईं। सांसद कंवर सिंह तंवर, विधायक राजीव तरारा, सीडीओ अश्वनी मिश्रा समेत अन्य अतिथियों ने भी दूल्हा-दुल्हन पर फूलों की बरसात कर आशीर्वाद दिया। दूल्हा के पहले से शादीशुदा होने की खबर फैली तो मामले का खुलासा हुआ। जिम्मेदार अफसरों के बीच हड़कंप मच गया। 

जानकारी करने पर सीडीओ ने बताया कि लाभार्थी युवती बवनपुरा माफी गांव की निवासी है जबकि तीन बच्चों का पिता गांव सलेमपुर गोसाई का निवासी है। लाभार्थी की जांच ठीक से नहीं करने के आरोप में ग्राम पंचायत सचिव पल्लवी को निलंबित करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही दूल्हा बने युवक व दुल्हन बनी युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया है।

ये भी पढे़ं : अमरोहा: बरसी के भोज में गाजर का हलवा खाने से 100 से अधिक लोगों को हुई उल्टी-दस्त की शिकायत, निजी अस्पतालों में भर्ती

संबंधित समाचार