UP Board Exam : 106 केन्द्राें पर कल से बोर्ड परीक्षा आरंभ, 76 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी दर्ज कराएंगे मौजूदगी
Barabanki, Amrit Vichaar : बोर्ड परीक्षा से जुड़े महकमे के साथ ही अब तक हुई पढ़ाई को परीक्षा में अंजाम देने के लिए परीक्षार्थियों ने कमर कस ली है। कल से बाराबंकी के 106 केन्द्रों पर कुल 76 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी बोर्ड इग्जाम देने के लिए एकत्र होंगे। रविवार होने के बावजूद महकमे के अफसर व कर्मी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जूझते रहे, वहीं परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए इस बार कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बता दें कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कल से शुरु हो रही हैं। इस बार परीक्षा में कुल 76133 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे, इनमें हाईस्कूल के 40694 व इंटरमीडिएट के 35439 परीक्षार्थी हैं। इस बार कुल 106 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां पर केन्द्र व्यवस्थापक के साथ ही वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। हर केन्द्र पर वायस रिकार्डर वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे सारी गतिविधि कैद होती रहे। वहीं इन पर नजर बनाए रखने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। केन्द्र से सौ मीटर परिधि तक बाहरी लोगों को प्रवेश प्रतिबंधित रखा गया है। यहां बता दें कि बाराबंकी को 11 सेक्टर व 7 जोन में विभाजित किया गया है।
इसके साथ ही पांच सचल दस्ते अपने अपने वाहनों से निकट व दूर के परीक्षा केन्द्रों का जायजा लेते रहेंगे। कानून व्यवस्था की दृष्टि से बाराबंकी में धारा 144 लागू कर दी गई है। इस बार नई व्यवस्था यह है कि प्रश्न पत्र लीक होने की संभावना से निपटने के लिए हर केन्द्र पर प्रत्येक विषय के वैकल्पिक प्रश्न पत्र उपलब्ध रहेंगे, जिससे लीक आउट होने की दशा में परीक्षा निरस्त करने के बजाए अबाध गति से चलती रहे। डीआईओएस कार्यालय रविवार होने के बावजूद परीक्षा तैयारियों को अंजाम देता रहा। वहीं परीक्षा केन्द्रों पर भी हलचल बनी रही।
यह भी पढ़ें-Barabanki News : नष्ट कराया डेढ़ लाख का 40 हजार पाउच पानी, FSDA की टीम ने महादेवा मेले में की कार्रवाई
